मप्रः मुख्यमंत्री ने इंदौर के किला मैदान पर वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
इंदौर, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को इंदौर प्रवास के दौरान ऐतिहासिक किला मैदान स्थित शौर्य की प्रतिमूर्ति वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थल पहुंचकर उनके चित्र तथा प्रतिमा पर भावपूर्ण माल्यार्पण किया। उन्होंने स्वाधीनता संग्राम की अमर महानायिका को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से सादर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस गरिमामयी अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का अद्वितीय साहस, अमर शौर्य और अदम्य राष्ट्रप्रेम संपूर्ण देश के लिए सदैव प्रेरणापुंज बना रहेगा। उन्होंने अल्पायु में मातृभूमि की रक्षा और स्वाभिमान के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनका यह सर्वोच्च बलिदान हर पीढ़ी को देश सेवा और स्वाभिमान के पथ पर आगे बढ़ने की निरंतर प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के गौरवशाली इतिहास को सहेजने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। इंदौर का यह ऐतिहासिक किला मैदान क्षेत्र भी हमारी ऐतिहासिक धरोहरों और महान वीरों की स्मृतियों का साक्षी है।
इस अवसर पर नगरीय विकास प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सुमित मिश्रा, सुदर्शन गुप्ता, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार और कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर