मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में पदक विजेता खिलाड़ियों की दी बधाई

 


भोपाल, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाले भारतीय खिलाड़ियों की बधाई दी है, साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में वेट लिफ्टिंग स्पर्धा के पुरुष 79 किलोग्राम की श्रेणी में रजत पदक जीतकर देश का गौरवान्वित करने वाले वल्लुरी अजय बाबू को बधाई देते हुए कहा कि खेल के प्रति उनका समर्पण देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिला वेट लिफ्टिंग प्रतिस्पर्धा के 58 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतने पर बिंदिया रानी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिंदिया रानी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विश्वपटल पर भारत का मान बढ़ाया है। उनकी यह सफलता सभी देशवासियों के प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की पुरुष हाईजंप में सर्वेश कुशारे को रजत पदक जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सर्वेश कुशारे की मेहनत और लगन ने देश को गौरवान्वित किया है। उनकी यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगी।

शर्मिला धनकड़ को स्वर्ण और शिल्पा शायला को कांस्य पदक जीतने पर दीं बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतने वाली शर्मिला धनकड़ और शिल्पा शायला को बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं। ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स - 2026 के महिलाओं का शॉट पुट एफ-57 इवेंट स्पर्धा में शर्मिला धनकड़ ने स्वर्ण और शिल्पा शायला ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि बेटियां भारत का मान बढ़ा रही हैं। शर्मिला धनकड़ और शिल्पा शायला की मेहनत, हौसला और लगन देश के सभी युवाओं के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर