मप्र के मुख्यमंत्री ने जापान में अंडर-18 एशिया कप विजेता भारतीय हॉकी टीम को दी बधाई
- आशीष की हैट्रिक और कप्तान केतन के गोल से भारत ने रचा इतिहास, मुख्यमंत्री ने युवा खिलाड़ियों को बताया देश का भविष्य
भोपाल, 06 जून (हि.स.)। जापान के काकामिगाहारा में आयोजित पुरुष अंडर-18 एशिया कप 2026 में भारतीय हॉकी टीम ने शानदार विजय प्राप्त कर देश का मान बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक जीत पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय टीम को बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर टीम की सराहना करते हुए कहा कि आज भारतीय खिलाड़ी न सिर्फ हॉकी, बल्कि कई अन्य खेलों में भी विश्व पटल पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। वैश्विक खेल जगत के अनेक क्षेत्रों में भारत की विजयी पताका लगातार लहरा रही है।
उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान हमारे युवा खिलाड़ियों ने अटूट टीम भावना और अद्भुत खेल कौशल का प्रदर्शन किया है। यह जीत उनकी कड़ी मेहनत और देश के प्रति समर्पण का परिणाम है।
इस खिताबी मुकाबले और पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष खिलाड़ियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम की इस बड़ी विजय में आशीष तानी पूर्ति की शानदार हैट्रिक और कप्तान केतन कुशवाहा के गोल की भूमिका बेहद प्रेरक और निर्णायक रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि अंडर-18 की इस ऊर्जावान टीम के खिलाड़ी आने वाले समय में अपनी काबिलियत के बलबूते भारत की सीनियर राष्ट्रीय हॉकी टीम में भी जगह बनाएंगे और देश को गौरवान्वित करना जारी रखेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्रैंड मास्टर प्रज्ञानानंदा को दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा को प्रतिष्ठित नॉर्वे चेस चैंपियनशिप-2026 का खिताब जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि ग्रैंड मास्टर प्रज्ञानानंदा की शानदार जीत, समस्त राष्ट्रवासियों के लिए गौरवशाली क्षण है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रज्ञानानंदा अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से इस प्रतियोगिता को जीतने वाले पहले भारतीय शतरंज खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी ऐतिहासिक सफलता निश्चित ही शतरंज के अन्य नवोदित खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर