मप्र के मुख्यमंत्री ने रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि पर किसानों को दी बधाई

 


- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि को दी मंजूरी, मुख्यमंत्री ने माना प्रधानमंत्री का आभार

भोपाल, 30 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के हित में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विपणन सीजन 2027-28 के लिए रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि को मंजूरी दी है। इसमें गेहूं, जौ, चना, मसूर, सरसों और कुसुम की फसलें शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान हितैषी इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री मोदी का हार्दिक आभार माना और अन्नदाताओं के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय के लिए किसानों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह वृद्धि अन्नदाताओं को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त करने में मदद करेगी। इससे उनकी आय में वृद्धि होगी, जिससे कृषि क्षेत्र को और अधिक मजबूती मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी के किसान हितैषी निर्णय से समृद्धि आयेगी।

ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर योजना, स्वच्छ ऊर्जा विस्तार में महत्वपूर्ण कदम: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर चरण -111 (जीईसी-111) योजना को मंजूरी प्रदान करने पर आभार माना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में लिया गया यह महत्वपूर्ण निर्णय है। दीर्घकालिक ऊर्जा, सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे 135 गीगावॉट तक की नवकरणीय ऊर्जा के एकीकरण और पॉवर इवैक्यूएशन के लिए इंट्रा-स्टेट ट्रांसमिशन सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। इसके साथ ही 50 जीडब्ल्यूएच बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम(बीईएसएस) की स्थापना से ग्रिड का क्षमता संवर्धन होगा।

उल्लेखनीय है कि यह ऐतिहासिक पहल भारत के इंट्रा-स्टेट ट्रांसमिशन सिस्टम को मजबूत करेगी, जिससे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच 135 गीगावाट(जी डब्ल्यू) तक की रिन्यूएबल एनर्जी को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाना संभव हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर