मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एशियन गेम्स में पदक विजेता खिलाड़ियों को दी बधाई
- वेटलिफ्टिंग, सिंगल सॉफ्ट टेनिस इवेंट और स्कीट टीम इवेंट में खिलाड़ियों ने जीते पदक
भोपाल, 23 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन गेम्स 2026 में पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में भारत के खिलाड़ी निरंतर पदक अर्जित कर रहे हैं। खिलाड़ियों के समर्पण और टीम वर्क ने देश को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से वुमेन्स 49 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर मीराबाई चानू, मेन्स सिंगल्स सॉफ्ट टेनिस इवेंट में कांस्य पदक जीतने पर जय मीणा तथा महिला स्कीट टीम ईवेंट में परिनाज धालीवाल, रायजा ढिल्लों और महेश्वरी चौहान तथा पुरुष स्कीट में अनंतजीत सिंह नरूका, भवतेग सिंह गिल और श्री मैराज अहमद खान को कांस्य पदक जीतने पर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और मजबूत संकल्प ने देश का मान बढ़ाया है। यह शानदार उपलब्धि हम सभी के लिए गौरव का क्षण होने के साथ-साथ देश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का अवसर भी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर