मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात
भोपाल, 22 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान बिहार निवास में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर नितिन नबीन को बधाई दी।
मुलाकात के बाद डॉ. मोहन यादव ने बताया कि नई पौध को प्रयास करके आगे लाना सच्चे अर्थों में लोकतंत्र है। उन्होंने कहा कि हमारा देश विश्व में सबसे युवा देश है और पूरे विश्व में भाजपा सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनना सौभाग्य की बात है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और प्रदेश भी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। यह सब बाबा महाकाल की कृपा है। मध्य प्रदेश गरीब महिलाओं और युवाओं के साथ हमेशा खड़ा है और आगे बढ़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर