सार्वजनिक वितरण प्रणाली में स्वचालन के साथ आय योजना को मंजूरी सराहनीयः मोहन यादव
-मप्र के मुख्यमंत्री ने योजना को मंजूरी देने के लिए माना प्रधानमंत्री मोदी का आभार
भोपाल, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा सार्थक-पीडीएस फेज-2 के लिए 25 हजार 530 करोड़ की मंजूरी देने पर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राशन परिवहन और प्रबंधन में सहायता- सार्वजनिक वितरण में स्वचालन के साथ आय की यह पहल सराहनीय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि सार्थक- पीडीएस योजना में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और अन्य आधुनिक तकनीकों के उपयोग से राशन वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह निर्णय गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गत एक दशक में टीपीडीएस के संपूर्ण कम्प्यूटरीकरण, पीडीएस के एकीकृत प्रबंधन (आईएम-पीडीएस) और स्मार्ट पीडीएस जैसी कई डिजिटलीकरण पहलों को लागू करने के साथ ही मेरा राशन, अन्न मित्र, राइटफुल टारगेटिंग डैशबोर्ड और अन्न सहायता जैसी नागरिक-केंद्रित प्राथमिकताओं को भी लागू किया गया है। राशन कार्ड डिजिटलीकरण, आधार सीडिंग, ई-पीओएस के माध्यम से एफपीएस स्वचालन, ऑनलाइन आवंटन और कम्प्यूटरीकृत आपूर्ति-श्रृंखला प्रबंधन को सक्षम बनाते हुए प्रौद्योगिकी-आधारित अनेक सुधारों की पहल कर ऐतिहासिक कार्य किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर