नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताः मंत्री सिलावट
प्रभारी मंत्री ने हजार बिस्तर अस्पताल पहुँचकर व्यवस्थाओं को देखा, बैठक में व्यवस्थाओं को बेहतर करने के दिए निर्देश
ग्वालियर, 21 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार के साथ-साथ व्यवस्थाएं भी मिलें, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। स्वास्थ्य सुविधाओं के क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने शनिवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान अचानक हजार बिस्तर अस्पताल पहुँचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए यह बात कही। उन्होंने हजार बिस्तर अस्पताल पहुँचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और डीन मेडीकल कॉलेज डॉ. आर के एस धाकड़ के साथ ही अन्य चिकित्सकों से चर्चा कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि ग्वालियर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर से बेहतर करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में 1100 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। इस परियोजना के तहत ग्वालियर की स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि ग्वालियर की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिये जो कार्ययोजना बनाई गई है उसे शासन स्तर से शीघ्र ही स्वीकृति मिलेगी, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से ग्वालियर एक और महत्वपूर्ण सेंटर बनकर उभरेगा।
प्रभारी मंत्री सिलावट ने अस्पताल भ्रमण के दौरान अस्पताल में उपचार के लिये आए मरीजों एवं उनके परिजनों से भी चर्चा कर स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि अस्पताल में आने वाले किसी भी मरीज को स्वास्थ्य सेवाओं को प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को भी दिक्कत न आए, ऐसी व्यवस्थायें की जाएं।
मंत्री सिलावट ने निरीक्षण के उपरांत डीन मेडीकल कॉलेज एवं अन्य चिकित्सकों के साथ भी बैठक कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हजार बिस्तर अस्पताल की सभी लिफ्ट शीघ्र अतिशीघ्र प्रारंभ हों, यह सुनिश्चित किया जाए। लिफ्ट खराबी के कारण किसी भी मरीज को कोई परेशानी नहीं आना चाहिए। इसके साथ ही अस्पताल में जो आवश्यक दवायें हैं उनका भण्डारण पर्याप्त मात्रा में रहे यह भी सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने डीन मेडीकल कॉलेज से कहा है कि अस्पताल संचालन के लिये जो भी आवश्यक उपकरण, व्यवस्थायें जरूरी हैं उसका विस्तृत प्रतिवेदन बनाकर प्रस्तुत करें ताकि शासन स्तर से हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा सके। डीन मेडीकल कॉलेज डॉ. आर के एस धाकड़ ने हजार बिस्तर अस्पताल के संचालन में की जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल की लिफ्ट सुधारने का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। इसी प्रकार व्यवस्थाओं को और बेहतर से बेहतर बनाने के सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर