त्यौहारों के दौरान नागरिकों को सुचारू रूप से मिलें सभी आवश्यक सेवाएं : मंत्री सिलावट

 


- प्रभारी मंत्री सिलावट ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

ग्वालियर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नवदुर्गा महोत्सव, दशहरा एवं दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्था चाक-चौबंद रखें। त्यौहारों के दौरान नागरिकों को यह सेवायें सुचारू रूप से उपलब्ध रहें।

यह निर्देश जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में दिए। सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह की मौजूदगी में आयोजित हुई बैठक में मंत्री सिलावट ने “सेवा-संकल्प अभियान” एवं “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” की भी विशेष रूप से समीक्षा की।

बुधवार को व्हीआईपी सर्किट हाउस मुरार में आयोजित हुई बैठक में प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि जन-विश्वास अभियान का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुँचे, इसलिये प्रभावी ढंग से शिविर लगाए जाएं। उन्होंने जिले में अब तक आयोजित हुए शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की भी समीक्षा की। साथ ही सेवा-संकल्प अभियान के तहत आयोजित हुई गतिविधियों की भी विस्तार से जानकारी ली।

बैठक में साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर जयप्रकाश राजौरिया व ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी, जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत, एमपीआईडीसी की प्रबंध निदेशक अनीशा श्रीवास्तव एवं अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

प्रभारी मंत्री सिलावट ने मुख्यमंत्री अधोसंरचना मद सहित अन्य योजनाओं के तहत शहर में स्वीकृत हुईं सड़कों का काम जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए। साथ ही कहा कि पुरानी सड़कों की मरम्मत का काम भी अभियान बतौर कराएं। उन्होंने निर्माणाधीन संजीवनी क्लीनिक भवनों का काम भी जल्द से जल्द पूर्ण करने पर जोर दिया। त्यौहारों के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने एवं प्रमुख बाजारों, सड़कों व चौराहों पर पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी पर भी प्रभारी मंत्री ने बल दिया।

सिलावट ने ग्वालियर शहर सहित सम्पूर्ण जिले की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा भी की। उन्होंने ग्रामीण अंचल में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन नल-जल योजनाओं का शेष काम जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यह सुनिश्चित करें कि नल-जल योजना से गाँव के प्रत्येक घर में पानी पहुँचे। उन्होंने हैंडपंप की आवश्यकता का आंकलन कर विकासखंडवार सूची बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इस सूची के आधार पर राज्य शासन से हैंडपंपों के लिये धनराशि प्राप्त की जायेगी।

रबी के लिये किसानों को खाद मिलने में दिक्कत न हो

प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा भी की। उन्होंने निर्देश दिए कि रबी फसल के लिये किसानों को खाद मिलने में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। साथ ही निर्देश दिए कि मांग का आंकलन कर उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सरकार किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के लिये कटिबद्ध है। प्रभारी मंत्री ने किसानों को सिंचाई के लिये राज्य शासन की मंशा के अनुरूप सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी विशेष रूप से जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर