चित्रकूटः छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

 


सतना, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के चित्रकूट में एक छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। दोनों को शिवरामपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ शनिवार शाम करीब 5 बजे यूपी के चित्रकूट में भरकूप थाना क्षेत्र के मड़था के जंगल में हुई। आरोपी जितेंद्र की लोकेशन जंगल में मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस पर दो तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि फायरिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी के हाथ में गोली लग गई। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी जितेंद्र के पैर में गोली लगी और वह बाइक समेत गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने तीन राउंड फायरिंग की, जबकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में 10 राउंड फायर किए। आरोपी के कब्जे से दो तमंचे बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला शिवरामपुर के कल्ला गांव का रहने वाला है। चित्रकूट धाम मंडल के डीआईजी राजेश कुमार एस. ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। यह कार्रवाई एसओजी टीम और बहिलपुरवा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की, जिसका नेतृत्व एसओजी प्रभारी एमपी त्रिपाठी ने किया।

मामला 22 जुलाई को चित्रकूट की देवांगना घाटी में हुई घटना से जुड़ा है, जहां तीन युवकों ने एक छात्रा और उसके बॉयफ्रेंड को बंधक बनाकर छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म किया था।

पुलिस के अनुसार, सतना की रहने वाली 20 साल की छात्रा 22 जुलाई को चित्रकूट के 17 साल के बॉयफ्रेंड के साथ देवांगना घाटी की पहाड़ी पर बैठी थी। तभी तीन लड़के बाइक से वहां पहुंचे और खुद को वनकर्मी बताकर दोनों को धमकाया। बॉयफ्रेंड को बेल्ट से पीटा और उसके हाथ-पैर गमछे से बांध दिए। इसके बाद तीनों छात्रा को घसीटते हुए झाड़ियों में ले गए और दरिंदगी की। वारदात के बाद तीनों भाग गए। बॉयफ्रेंड ने खुद के हाथ-पैर खोले और छात्रा के पास पहुंचा। वह बदहवास थी। बॉयफ्रेंड ने ही फोन करके पुलिस को जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर