मप्रः मुख्य सचिव ने की सेवा संकल्प अभियान 2026 की तैयारियों की समीक्षा

 


- विभागाध्यक्षों से अभियान के उत्कृष्ट क्रियान्वयन की अपेक्षा

भोपाल, 12 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने शनिवार को मंत्रालय में आगामी 17 सितंबर से चलने वाले एक माह के सेवा संकल्प अभियान-2026 की गतिविधियों के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों से कहा कि अभियान की सभी सेवा गतिविधियों में संबंधित विभाग हिस्सा ले।

बैठक में बताया गया कि अभियान के पहले दिन सेवा आशीर्वाद का दिया प्रज्ज्वलन के अलावा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। आशीर्वाद का दीया 17 सितम्बर को शाम 7 बजे पूरे प्रदेश में एक साथ दीप प्रज्जवलन होगा। आयोजन प्रत्येक जिले के 10 आइकॉनिक लोकेशंस पर विशिष्ट व्यक्तियों की उपस्थिति मे होगा। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में केन्द्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रत्येक हितग्राही परिवार के घर पर दिए जलाए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में न्यूनतम 500 दीपक, प्रत्येक नगर पालिका वार्ड में न्यूनतम 500 दीपक, प्रत्येक नगर निगम वार्ड में न्यूनतम 1,000 दीपक और प्रत्येक नगर परिषद वार्ड में न्यूनतम 250 दीपक प्रज्ज्वलित किये जायेंगे। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर चिन्हित ऐतिहासिक स्थल, प्रमुख सार्वजनिक स्थान अथवा विगत 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के कार्यकाल से जुड़ी उपलब्धियों के स्थल पर भी दीप प्रज्ज्वलन होगा। प्रदेश में निर्मित और निर्माणाधीन सभी आध्यात्मिक लोक जैसे - श्री महाकाल लोक, श्री राम राजा लोक, सलकनपुर देवी लोक आदि में विशेष रूप से सामूहिक दीप प्रज्जवलन के कार्यक्रम होंगे।

जहाँ विभिन्न कारणों से दीपक प्रज्ज्वलित करना संभव न हो, उन स्थानों पर लाईटिंग/रोशनी भी की जा सकेगी। लाभार्थी परिवारों, व्यक्तियों एवं संस्थाओं द्वारा दीप प्रज्जवलन के फोटो/वीडियो/रील www.modiat25.in पर अपलोड किए जायेंगे। लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों और स्वामित्व योजना के हितग्राही परिवारों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से ऑडियो संदेश भी प्रेषित किया जाएगा।

रक्तदान शिविर

रक्तदान शिविर का आयोजन भी 17 सितम्बर को दिन में होगा। शिविर जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिविल अस्पताल, जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में लगाए जाएंगे। रक्तदाताओं एवं इस कार्य से जुड़े व्यक्तियों / संस्थाओं रक्तदान शिविर के फोटो/वीडियो/रील www.modiat25.in पर अपलोड किए जा सकेंगे। ब्लड बैंक, रेडक्रास एवं मेडिकल कॉलेज से समन्वय होगा और डॉक्टर, पेरामेडिकल टीम, रक्तसंग्रह वाहन और आवश्यक चिकित्सा सुविधा सुलभ रखी जानी होगी

मेरे सपनों का भारत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यह कार्यक्रम दो स्तरों पर होगा । जिला स्तर पर 19 से 26 सितम्बर तक और राज्य स्तर पर 4 एवं 05 अक्तूबर को आयोजित होगा। सरकारी स्कूलों/कॉलेजों के साथ-साथ सभी निजी स्कूलों/कॉलेजों की भागीदारी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम जिला स्तर पर होगा।प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र और पुरस्कार भी वितरित किए जाएँगे। शेष सभी प्रतिभागियों को जिला कलेक्टर द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र वितरित किये जायेंगे।

नमो सेवा- अनकही कहानियां

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नमो सेवा - अनकही कहानियां का आयोजन 19 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक होंगे। प्रत्येक जिले में कम से कम 10 नुक्कड़ नाटक टोलियाँ तैयार की जाएंगी। जिला स्तर पर इन टोलियों के कार्यक्रमों की शेड्यूलिंग की जाएगी। टोलियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं जिला स्तर पर जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में की जाएंगी। 25 सितम्बर 2026 को जिला स्तर पर इन टोलियों/नाट्य मण्डलियों को सम्मानित किया जाएगा।

आंगन मिलन सेवा

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम 26 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अपील का एक वीडियो तैयार किया जाएगा और यह वीडियो मोबाइल/टी.व्ही. के जरिए आंगनवाड़ी में महिलाओं और बच्चों को दिखाया जाएगा। प्रत्येक आंगनवाड़ी में इस कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें बच्चों और माताओं के लिए पोषक स्वल्पाहार, खेल सामग्री, पठन सामग्री आदि की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर की जाएगी।

सेवा की कहानी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत यह कार्यक्रम 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक संचालित होगा। केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं के कारण जिन हितग्राहियों का जीवन बदल गया है, उनके आभार स्वरूप संदेश/वीडियो तैयार किये जायेंगे। लाभ लेने से पहले की स्थिति और योजना का लाभ मिलने के बाद की स्थिति का वर्णन होगा। फोटो/वीडियो/रील हितग्राहियों द्वारा सेवा की कहानियों के www.modiat25.in पर अपलोड किए जायेंगे। इस संबंध में आवश्यक समन्वय जिला स्तर से किया जाएगा।

सेवा ज्योति कलश यात्रा - विकसित भारत का संकल्प

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा ज्योति कलश यात्रा - विकसित भारत का संकल्प यात्रा 7 अक्टूबर 2026 को आयोजित होगी। इस दिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के लोक सेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे है। जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक यात्रा निकलेगी। हर यात्रा के वाहन पर कार्यक्रम और सरकार की उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएगी। यात्रा में आगे एक कलश और एक कृत्रिम मशाल भी रहेगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की यात्रा विभिन्न मार्गो से होती हुई जिला मुख्यालय पर पहुँचेगी, जहाँ जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक सार्वजनिक कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को जिला विकास पुस्तिका भी वितरित की जाएगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा। यात्रा का रुटचार्ट जिला कलेक्टर द्वारा स्थानीय जन-प्रतिनिधियों से परामर्श कर बनाया जाएगा।

वडनगर गुजरात - वाराणसी उत्तर प्रदेश सेवा यात्रा

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत वडनगर गुजरात - वाराणसी उत्तर प्रदेश सेवा यात्रा का आयोजन 2 स्थानों से एक साथ चलेगी एक यात्रा वडनगर से वाराणसी की ओर तथा दूसरी यात्रा वाराणसी से वडनगर की ओर। यात्राओं के आयोजन की अवधि 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर 2026 तक रहेगी। मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों में 13 यात्रा मार्गो से यह यात्रा गुजरेगी। एक यात्रा टोली में 25 मोटर साईकिल सवार होंगे। इस प्रकार 10 टोलियाँ वाराणसी और 10 टोलियाँ वडनगर से निकलेंगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक टोली में 03 बड़े वाहन भी रहेंगे। इस प्रकार प्रति टोली व्यक्तियों की संख्या लगभग 100 रहेगी। यात्रा में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के लिए मध्यप्रदेश के जिले में आगमन पर जिला स्तर से आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाएंगी। यात्रा के लिए जिले की सीमा में प्रवेश से लेकर जिले की सीमा से प्रस्थान तक सुरक्षा, सुविधा, समन्वय, जिले से सहभागिता आदि सभी सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर