छिंदवाड़ाः मुआरी गांव में महिलाओं ने पकड़ी शराब से भरी बोलेरो
छिंदवाड़ा, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में विकासखंड जुन्नारदेव के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मुआरी में सोमवार दोपहर ग्रामीणों का गुस्सा देखने को मिला। मुआरी में महिलाओं ने पकड़ी शराब से भरी बोलेरो गाड़ी और जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने गाड़ी से शराब की बोतलें निकालकर सड़क पर फेंक दीं और विरोध जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे की है। गांव में अवैध रूप से लाई जा रही शराब को देखकर स्थानीय महिलाएं आक्रोशित हो गईं।
लाठी-डंडे लेकर वाहन सवारों पर दौड़ीं महिलाएं
अवैध शराब की आवक से परेशान महिलाओं का सब्र टूट गया। जैसे ही बोलेरो गांव में दाखिल हुई, महिलाओं ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। सड़क पर फेंकी शराब: आक्रोशित महिलाओं ने वाहन में रखी पूरी शराब को नीचे उतारकर सड़क पर फेंक दिया। सवारों को खदेड़ा: हाथ में लाठी-डंडे लेकर महिलाएं बोलेरो में सवार लोगों के पीछे दौड़ पड़ीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शराब कहां से लाई जा रही थी और इसका मुख्य ठेकेदार कौन है, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
आबकारी विभाग ने जांच की बात कही
गांव में अवैध शराब को लेकर मचे बवाल के बाद प्रशासनिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। जब इस मामले पर आबकारी अधिकारी नरेंद्र नागेश से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामला संज्ञान में आते ही जांच कराई जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan