छिंदवाड़ाः कृषि उपज मंडी प्रांगण कुसमैली में आज बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन
- मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से किसानों को करेंगे संबोधित
छिन्दवाडा, 03 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में किसानों के कल्याण, कृषि के आधुनिकीकरण एवं उन्नत कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आज मंगलवार को कृषि उपज मंडी प्रांगण कुसमैली, छिन्दवाड़ा में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
जनसम्पर्क अधिकारी नीलू सोनी ने बताया कि महोत्सव में जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती की पद्धतियों एवं कृषि नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि वैज्ञानिकों द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन एवं परिचर्चा के माध्यम से कृषि उत्पादन बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के संबंध में जानकारी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में प्रातः 11 बजे से किसानों का पंजीयन किया जाएगा। इसके पश्चात प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं वैज्ञानिक परिचर्चा आयोजित होगी। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कृषि वैज्ञानिक किसानों को खेती से संबंधित तकनीकी जानकारी देंगे।
दोपहर 1 बजे अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद आमंत्रित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों का उद्बोधन होगा। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित करेंगे तथा उनसे संवाद करेंगे। इस दौरान किसानों को शासन की किसान हितैषी योजनाओं, कृषि विकास एवं आधुनिक तकनीकों के उपयोग से खेती को अधिक लाभकारी बनाने के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
प्रगतिशील किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
कार्यक्रम के अंतिम चरण में दोपहर 3 बजे से 3:30 बजे तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही कृषि विभाग द्वारा अमल प्रदर्शन एवं विभागीय प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त किसानों से बलराम कृषि महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है, ताकि वे कृषि वैज्ञानिकों से तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त कर आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर