मप्रः जनगणना निदेशक ने इंदौर जिले में जनगणना संबंधी कार्यों की सराहना की
- समय-सीमा में मानदेय वितरण तथा सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप सुव्यवस्थित कार्य संपादन की प्रशंसा की
इंदौर, 03 नवंबर (हि.स.)। जनगणना कार्य निदेशालय, भोपाल के निदेशक एवं आईएएस अधिकारी संजीव श्रीवास्तव ने इंदौर जिले में जनगणना 2027 के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से जनगणना कार्य में संलग्न कर्मियों के मानदेय वितरण का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाने तथा जनगणना की सभी निर्धारित व्यवस्थाओं एवं मानकों के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से कार्य संपादित किए जाने की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इंदौर जिले में जनगणना संबंधी तैयारियां व्यवस्थित रूप से की गई हैं।
जनगणना निदेशक श्रीवास्तव ने मंगलवार को इंदौर प्रवास के दौरान कलेक्टर शिवम वर्मा तथा जिले के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित कार्यों एवं तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अब तक संपादित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा आगामी कार्यवाहियों के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
अपर कलेक्टर नवजीवन पवार ने जनगणना के प्रथम एवं द्वितीय चरण से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इंदौर जिले में प्रथम चरण के अंतर्गत 41 चार्ज क्षेत्रों में कुल 5,971 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्धारित थे। इनमें ग्रामीण, नगरीय एवं छावनी क्षेत्र के 2,068 तथा नगर निगम क्षेत्र के 3,903 ब्लॉक शामिल हैं।
संयुक्त संचालक योजना एवं सांख्यिकी प्रेमचंद परस्ते ने बताया कि जनसंख्या गणना के द्वितीय चरण में जिले में एब्यूमरेशन ब्लॉक (ईबी) की संख्या बढ़कर 7,847 हो जाएगी। इनमें ग्रामीण, नगरीय एवं छावनी क्षेत्र के 2,693 तथा नगर निगम क्षेत्र के 5,154 ब्लॉक शामिल रहेंगे। इस प्रकार प्रथम चरण की तुलना में कुल 1,876 ब्लॉक की वृद्धि होगी।
बैठक में जनगणना कार्य के लिए आवश्यक मानव संसाधन, अनुमानित कार्मिक संख्या तथा मानदेय संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर सहायक जिला जनगणना अधिकारी अजीत श्रीवास्तव, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी शीतल पाठक, जिला योजना अधिकारी सरिता भूरिया तथा सहायक जनगणना अधिकारी पीयूष मेश्राम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर