मप्रः ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा, खंभे से टकराई कार में लगी आग; दो दोस्तों की दर्दनाक मौत
ग्वालियर, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में डबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्रू तिराहे के पास मंगलवार की रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खम्भे से टकरा गई और उसके बाद कार में आग लग गई। इस हादसे में कार सवार दो दोस्तों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब दो बजे डबरा-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। यहां तेज रफ्तार स्विफ्ट कार 11 केवी बिजली के खंभे से इतनी जोर से टकराई कि खंभा टूट गया और बिजली के तार कार पर गिर गए। टक्कर के बाद कार पलट गई और उसमें तुरंत आग लग गई। कार में शादी समारोह से बचे पटाखे रखे थे। इस कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान छतरपुर निवासी अवधेश विश्वकर्मा (32) और रामजी सोनी (33) के रूप में हुई। अवधेश फाइनेंसिंग का काम करते थे। शिवपुरी के बामोर में उनकी ससुराल है। अविनाश झा उनके साले हैं। ग्वालियर में अविनाश के दोस्त के यहां शादी थी। उसमें शामिल होने के लिए वह छतरपुर से शिवपुरी आए थे।
शिवपुरी से अविनाश, अवधेश और राम जी कार में सवार होकर ग्वालियर गए थे। वापस लौटते समय उन्होंने शादी की आतिशबाजी में बचे पटाखे कार में रख लिए थे। कार अवधेश चला रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि अवधेश को नींद का झोंका आया। इसके बाद गाड़ी बिजली पोल से टकरा गई। हादसे के बाद पोल बीच से टूट गया। 11 केवी की लाइन गाड़ी के ऊपर गिर गई। इसके बाद कार के आगे के दोनों डोर लॉक हो गए। अविनाश पीछे बैठे हुए थे। टक्कर लगने से पीछे के गेट खुल गए और अविनाश बाहर गिर गए। अवधेश और रामजी कार में ही फंस गए। उन्होंने और वहां से गुजर रहे लोगों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय कार की गति कितनी थी और चालक की स्थिति क्या थी। पुलिस ने शिवपुरी में मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और उनके डबरा पहुंचने का इंतजार कर रही है। हादसे में कार पूरी तरह जल गई और युवकों के केवल कंकाल ही बचे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर