कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से किया संवाद

 


जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर

भोपाल, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री करण सिंह वर्मा ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याएं और सुझाव गंभीरता से सुने तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

संवाद कार्यक्रम में मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक नागरिक तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से क्षेत्रीय समस्याओं एवं जनता की अपेक्षाओं की जानकारी प्राप्त कर उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान प्राप्त कई जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र समाधान के लिए भेजा गया।

मंत्री वर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान भी किया।

इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं, सुझाव एवं क्षेत्रीय मुद्दे मंत्री वर्मा के समक्ष रखे, जिन पर उन्होंने संवेदनशीलता के साथ विचार कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे