बालाघाटः बंदूक की नोक पर कारोबारी से लूट, सोने-चांदी से भरे बैग लेकर भागे बदमाश

 




बालाघाट, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी थाना क्षेत्र में रविवार रात हथियारबंद बदमाशों ने एक सराफा व्यापारी के साथ बंदूक की नोट पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने विरोध करने पर फायरिंग की और सिर पर लाठियों से 7-8 बार वार किए। व्यापारी के जमीन पर गिरते ही बदमाश सोने-चांदी के जेवरों से भरे लेकर भाग गए।

लांजी थाना पुलिस के मुताबिक, वारदात लांजी-आमगांव मार्ग पर रविवार की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच कामना ज्वेलर्स के संचालक कपिल आसटकर के साथ हुई।

पीड़ित कारोबारी कपिल आसटकर ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी सराफा दुकान बंद करने के बाद सोने-चांदी के कीमती जेवर दो थैलों में रखकर बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी दुकान पुराने पंचायत दफ्तर के पास स्थित एक कॉम्प्लेक्स में है, जबकि घर वहां से करीब 700 मीटर दूर कलार समाज के मंगल भवन के पास है। जैसे ही वह घर के पास एक मोड़ से गली की ओर मुड़े, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए करीब आठ बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने कपिल आसटकर से जेवरों से भरे दोनों थैले छीनने की कोशिश की। थैले देने से इनकार करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद एक बदमाश ने कारोबारी के सिर पर लाठी से लगातार 7 से 8 वार किए। हमले की वजह से वह अपनी बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। उनके गिरते ही बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवरों से भरे दोनों थैले छीन लिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश दो बाइक से आमगांव रोड की ओर फरार हो गए। छीने गए दोनों थैलों में सोने और चांदी के जेवर रखे थे, जिनकी कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल कपिल आसटकर को तुरंत सिविल अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गोंदिया रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि वारदात के समय पूरे इलाके की बिजली गुल थी। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। आसानी से मौके से फरार हो गए। पुलिस अब इसी पहलू को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

घटना की सूचना मिलते ही लांजी पुलिस मौके पर पहुंची। अंधेरे में फरार हुए बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में उनके आने-जाने के रास्तों की भी पड़ताल कर रही है। लांजी इलाके में पहली बार हुई इस बड़ी डकैती ने पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर