मप्रः उज्जैन से इंदौर जा रही मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बस में लगी आग, जलकर हुई खाक
उज्जैन, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में मंगलवार दोपहर 12:15 बजे रामवास क्षेत्र में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की एक बस में आग लग गई। घटना के समय करीब 12 यात्री बस में सवार थे, जिन्होंने कूदकर जान बचाई। सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस मंगलवार को उज्जैन से इंदौर जा रही थी। इसी दौरान उज्जैन से करीब 15 किलोमीटर दूर रामवास क्षेत्र में बस टायर फट गया, जिससे वह अनबेलेंस हुई और इसी दौरान उसमें आग लग गई। धुआं उठते ही लोग घबराकर बस से बाहर आ गए और कुछ ही मिनट में पूरी बस से आग पकड़ ली। घटना की सूचना मिलने के करीब पौन घंटे बार चार फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान बस पूरी तरह से जल गई। सिर्फ चेचिस ही बचा। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
गौरतबल है कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का प्रदेश स्तर पर शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इस दौरान 7 प्रमुख शहरों के लिए 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाई गई थी। उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के लिए 10 बसें मिली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 सितंबर को महाकाल लोक से पीएम ई-बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ कर इन बसों को रवाना किया था।
जिस बस में आग लगी है, वह पुरानी डीजल इंजन बस थी। इस बस पर भगवा कलर का रेडियम चढ़ाया गया था और बस के कांच पर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा लिखा है। हालांकि, उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा है कि यह बस मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की नहीं थी। किसी प्राइवेट ऑपरेटर की थी।
उज्जैन आरटीओ संतोष मालवीय ने बताया कि जलने वाली बस सूत्र सेवा की गाड़ी थी। उनके मुताबिक, इस बस को हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम के लिए भोपाल ले जाया गया था। हालांकि, सामने आए वीडियो में जलती बस के आगे ‘मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा परिवहन’ लिखा हुआ दिखाई दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर