नर्मदापुरम में स्कूल बस पलटी, चार छात्र घायल, सोहागपुर में सूकरी-चुरका के बीच मोड़ पर हादसा

 


नर्मदापुरम, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह सीएम राइज संदीपनी स्कूल की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस में सवार चार छात्र, चालक और महिला कंडक्टर घायल हो गए। सभी घायलों को डायल-112 की मदद से सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार घायलों को मामूली चोटें आई हैं।

हादसा सुबह करीब 7.30 बजे सूकरी और चुरका गांव के बीच हुआ। जानकारी के मुताबिक स्कूल बस क्रमांक एमपी 04 पीए 2430 विद्यार्थियों को लेने के लिए गांवों की ओर जा रही थी। इसी दौरान सूकरी-चुरका मार्ग पर एक मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। बस के पलटते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

चार छात्र घायल

हादसे में घायल विद्यार्थियों की पहचान सौरभ ठाकुर पुत्र संतोष ठाकुर (13), ऋषभ ठाकुर पुत्र संतोष ठाकुर (14), मधु गुर्जर पुत्री रामस्वरूप गुर्जर (14) और रागिनी पाल पुत्री ध्रुव कुमार पाल (15) के रूप में हुई है। सौरभ और ऋषभ ग्राम बंदीछोड़, मधु ग्राम चारगांव और रागिनी भी चारगांव की रहने वाली बताई गई हैं। बस चालक तुलसी प्रसाद, निवासी ग्राम करणपुर, और महिला कंडक्टर वर्षा सिंह, निवासी सोहागपुर, भी हादसे में घायल हुई हैं। सभी को उपचार के लिए सोहागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

तेज रफ्तार में मोड़ पर बिगड़ा संतुलन

स्थानीय लोगों के अनुसार बस की रफ्तार अधिक थी। मोड़ पर चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि पुलिस ने तेज रफ्तार को हादसे का कारण होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

चालक के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरू

सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी के मुताबिक सूकरी और चुरका के बीच स्कूल बस पलटने की सूचना मिली थी। हादसे में चार विद्यार्थी घायल हुए हैं, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले में बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और बस की स्थिति की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे