बुरहानपुरः जिस युवती की हत्या के आरोप में पिता-भाई जेल गए, वह जिंदा लौटी

 


बुरहानपुर, 28 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के खकनार थाना क्षेत्र में जिस युवती की हत्या के आरोप में पिता और भाई जेल में बंद हैं, वह अचानक जिंदा लौट आई है। उसने बुधवार की रात थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि वह जिंदा है, उसके पिता और भाई को छोड़ दीजिए।

खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने गुरुवार को बताया कि शिवानी नाम की युवती 24 अप्रैल को लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर एक मई को खकनार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पता चला कि क्षेत्र का ही एक युवक अर्जुन भी लापता है। दोनों के साथ रहने की जानकारी सामने आई। अर्जुन की गुमशुदगी नौ मई को दर्ज की गई थी।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान महाराष्ट्र के जलगांव जामोद क्षेत्र में एक युवती की सिर कटी और जली हुई लाश मिली, जिसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। सीसीटीएनएस पर दर्ज गुमशुदगी के आधार पर महाराष्ट्र पुलिस बुरहानपुर पहुंची। खकनार पुलिस से जानकारी लेने के बाद उस अज्ञात शव को शिवानी मान लिया गया। इसके बाद शिवानी के पिता बापूराव और भाई अजय को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर बुलढाणा जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि शिवानी को जब पता चला कि उसके पिता और भाई उसकी हत्या के आरोप में जेल में हैं, तो उसने परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही खकनार पुलिस ने शिवानी और अर्जुन को खोज निकाला। शिवानी ने पुलिस को बताया कि वह 24 अप्रैल को अर्जुन के साथ चली गई थी और दोनों जिंदा हैं। उसने कहा कि वह अपने पिता और भाई को जेल से छुड़ाना चाहती है।

थाना प्रभारी के अनुसार, शिवानी की पहचान थम इंप्रेशन और सरकारी पहचान पत्रों के जरिए की गई। परिजनों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर पुष्टि की गई कि वह शिवानी ही है। बुधवार रात महाराष्ट्र पुलिस शिवानी और अर्जुन को अपने साथ जलगांव जामोद ले गई। अब उसके पिता और भाई की रिहाई की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

शिवानी के जिंदा सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि महाराष्ट्र में मिली सिर कटी और जली हुई लाश आखिर किसकी थी? खकनार पुलिस का कहना है कि अब पूरे मामले की नए सिरे से जांच होगी और अज्ञात शव की पहचान के साथ पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर