हर खेत तक पानी पहुंचाना राज्य सरकार का लक्ष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 


भोपाल, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार हर किसान के खेत तक पर्याप्त जल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि फसलों को सिंचाई के लिये भरपूर पानी मिले। किसान कल्याण वर्ष में किसानों की समृद्धि के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। यह सिलसिला अनवरत जारी रहेगा। किसानों के हित में सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास में संवाद सभाकक्ष में खंडवा जिले के किसान प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर जनजाति कार्य मंत्री विजय शाह उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी और भुगतान के साथ अन्य फसलों के उपार्जन की राशि समय पर प्रदान करने, खाद्य प्रसंस्करण के कार्य से किसानों को लाभान्वित करने, सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली की आपूर्ति, मुर्गी पालन, पशुपालन और डेयरी विकास गतिविधियों से किसानों को जोड़ने के लिये आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि खंडवा जिले में नर्मदा जी के परिक्रमा पथ के विकास के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। दादा धूनी के पावन स्थल के साथ अन्य श्रद्धा स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। खंडवा अंचल के किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का किसान कल्याण निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर