ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाभाव और समर्पण के साथ स्वास्थ्य सेवाएँ दें बांड डॉक्टर्स : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

 


- उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने शहडोल संभाग के नवपदस्थ बांड डॉक्टर्स से किया संवाद, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और नियमित निगरानी पर दिया जोर

भोपाल, 28 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुधवार को भोपाल स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शहडोल संभाग के शहडोल, उमरिया एवं अनूपपुर जिले में नवपदस्थ बांड डॉक्टर्स से संवाद किया। उन्होंने चिकित्सकों को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि नवपदस्थ चिकित्सकों को स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं, जांच सेवाओं, एंबुलेंस एवं रेफरल व्यवस्था तथा शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं का व्यवस्थित ओरिएंटेशन दिया जाए। चिकित्सक एनीमिया मुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत एवं गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग जैसे अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दें।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आशा, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, प्रसवपूर्व जांच और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बीएमओ सप्ताह में एक बार तथा सीएमएचओ माह में एक बार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें और कमियों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा का प्रभावी उपयोग बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बांड डॉक्टर्स का ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करना स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आमजन का विश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी चिकित्सक पूरी प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। वीसी में शहडोल संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं नवपदस्थ बांड डॉक्टर्स शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर