मप्र: नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भाजपा में उत्साह, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

 




भोपाल, 20 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा पदभार ग्रहण करने के साथ ही पार्टी संगठन में उत्साह और उल्लास का माहौल बन गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय पहुंचकर नितिन नबीन को पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। वहीं, प्रदेश कार्यालय सहित मध्य प्रदेश के सभी जिलों में आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण कर इस ऐतिहासिक क्षण को उत्सव के रूप में मनाया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी की कमान नितिन नबीन जैसे युवा, ऊर्जावान, दूरदर्शी और वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध नेता को सौंपा जाना भाजपा की सुदृढ़ संगठनात्मक सोच और भविष्य-दृष्टि को दर्शाता है। यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि भारतीय जनता पार्टी अपने उज्ज्वल भविष्य को सक्षम और विचारनिष्ठ नेतृत्व के हाथों में सुरक्षित देख रही है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा विचार, संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प को नई गति मिलेगी।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मात्र 45 वर्ष की आयु में पार्टी की सर्वोच्च संगठनात्मक जिम्मेदारी मिलना भाजपा के युवा नेतृत्व पर अटूट विश्वास का प्रतीक है। यह केवल एक पदस्थापना नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा और भरोसे का संदेश है। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेतृत्व का मार्ग निष्ठा, परिश्रम, त्याग और वैचारिक प्रतिबद्धता से होकर गुजरता है। संगठन पर्व के माध्यम से भाजपा ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं, बल्कि कार्यकर्ता-आधारित वैचारिक आंदोलन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

नितिन नबीन भाजपा के उज्ज्वल, सशक्त और विजयी भविष्य के प्रतीक - हेमंत खण्डेलवालभाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नितिन नबीन के संगठन कौशल से पार्टी सफलता के नए शिखर छुएगी। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व भाजपा की आत्मा है और इसी प्रक्रिया के तहत नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना कार्यकर्ता-आधारित नेतृत्व की सशक्त मिसाल है। उनका बूथ कार्यकर्ता से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर यह सिद्ध करता है कि भाजपा में दायित्व योग्यता और समर्पण के आधार पर तय होते हैं, न कि वंशवाद या सिफारिश से।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में पार्टी की बूथ, मंडल और जिला संरचना और अधिक मजबूत होगी। संगठन पर्व का मूल उद्देश्य बूथ सशक्तिकरण है और उनका व्यापक संगठनात्मक अनुभव इस दिशा में निर्णायक साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में भाजपा अंत्योदय, सुशासन, राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक मूल्यों और संविधान की भावना के साथ विपक्ष की तुष्टिकरण और विभाजनकारी राजनीति का सशक्त जवाब देगी।

भाजपा प्रदेश कार्यालय भोपाल में मना जश्न राष्ट्रीय अध्यक्ष के पदभार ग्रहण के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय भोपाल में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जाहिर की। इस मौके पर मंत्री विश्वास सारंग, एंदल सिंह कंसाना, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, विधायक भगवानदास सबनानी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी तरह प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों में भी जश्न मनाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे