भोपालः नमो युवा शक्ति कार्यक्रम में युवाओं और महिलाओं ने उत्साह से लिया हिस्सा
भोपाल, 17 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल में युवाओं में उत्साह, नेतृत्व क्षमता, खेल भावना एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को बरखेड़ी कला में जिला स्तरीय “नमो युवा शक्ति” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत भोपाल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी वंदना शर्मा, जिला पंचायत भोपाल के उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट, सदस्य चन्द्रेश सिंह राजपूत, जनपद पंचायत फंदा के अध्यक्ष प्रमोद सिंह राजपूत, जिला परियोजना प्रबंधक मध्य प्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन भोपाल डॉ. रेखा पाण्डेय सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। वक्ताओं ने युवाओं से अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करते हुए समाज एवं देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं एवं महिलाओं को योग के महत्व की जानकारी दी गई तथा योगाभ्यास भी कराया गया। प्रतिभागियों के लिए पौष्टिक अल्पाहार की स्टॉल भी लगाई गई। इसके अलावा नींबू रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। विभिन्न गतिविधियों, संवाद सत्रों एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को उपलब्ध अवसरों तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। उपस्थित अतिथियों ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं युवाओं ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर