भोपालः विश्व जनसंख्या दिवस पर परिवार कल्याण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यकर्ता हुए सम्मानित
भोपाल, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल जिले में 11 जुलाई से संचालित विश्व जनसंख्या दिवस जागरूकता सप्ताह के समापन अवसर पर परिवार कल्याण में बेहतर कार्य करने पर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
सिविल डिस्पेंसरी कमला नगर में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मैदानी कार्यकर्ताओं को उनकी सराहनीय भूमिका के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गए। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. फणींद्र शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबन्धक अनीता दुगाया उपस्थित रहे।
विश्व जनसंख्या स्थिरता दिवस जागरूकता सप्ताह में जिले की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं एवं सामुदायिक स्तर जागरूकता रैलियों, नुक्कड़ नाटकों एवं नवदम्पत्ति परामर्श कार्यक्रमों द्वारा परिवार कल्याण के विभिन्न उपायों की जानकारी दी जा रही है। नवदंपत्तियों को नई पहल किट प्रदान कर परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों की जानकारी दी गई है। 18 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम में परिवार कल्याण कार्यक्रम में पहले और दूसरे बच्चे में अंतर रखने,अंतरा इंजेक्शन के लिए प्रोत्साहित करने एवं अंतरा इंजेक्शन लगवाने, पीपीआईयूसीडी लगवाने वाले कार्यकर्ता सम्मानित हुए।
ये कार्यकर्ता हुए सम्मानित
हेमलता वर्मा–ग्राम नरेला, विमला वर्मा, ग्राम खुरचनी, सोनम खटिक – ग्राम नायसमंद, नशरीन – ग्राम हर्राखेड़ा, रजिया बंसकार – ग्राम चन्दनखेड़ी, अनिल सिंगरौले – ग्राम बगरौदा, एकता पटेल, उप स्वास्थ्य केंद्र ललरिया, कोमल सोनी हर्राखेड़ा , सोनल धोटे मुगालिया छाप, बबिता शाह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मिसरोद,अंजुम खान गुनगा, कंचन गीद नजीराबाद।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर