भोपालः वन विहार में वन्यजीव सप्ताह 2026 के अंतर्गत हुए विविध कार्यक्रम

 




भोपाल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह 2026 के अंतर्गत वन्यजीव संरक्षण, जैव-विविधता, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह की थीम जुड़े आवास, वन्यजीवन का विकास निर्धारित की गई है।

थीम के अनुरूप आयोजित गतिविधियों में वन्यजीवों एवं उनके प्राकृतिक आवास के बीच संबंध, जैव-विविधता संरक्षण तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के महत्व को प्रमुखता से रेखांकित किया जा रहा है। कार्यक्रमों में वनकर्मियों एवं उनके परिवारों के साथ विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

रविवार को भी वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। कार्यक्रम में वनकर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए फैमिली वाइल्डलाइफ डे-वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत वनकर्मियों एवं उनके परिवारों को वन्यजीव सप्ताह की गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से फैमिली वाइल्डलाइफ डे का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य वनकर्मियों एवं उनके परिवारों के बीच वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा देना तथा परिवार के सदस्यों को वन्यजीव एवं प्रकृत्ति संरक्षण से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस आयोजन में 15 परिवारों लगभग 60 प्रकृति प्रेमियों द्वारा सहभागिता की गई। कार्यक्रम में सम्मिलित सभी को एनीमल रेस्, गेम्स्, हेबीटेट एवं फूड चैन के माध्यम से रोचक जानकारी प्रदान की गई।

विद्यालीयन एवं महाविद्यालीयन विद्यार्थियों हेतु 'मध्य प्रदेश के वन्यजीव विषय पर मेहंदी प्रतियोगिता-विद्यार्थियों में मध्यप्रदेश की वन्यजीव संपदा एवं जैव-विविधता के प्रति रुचि एवं जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से 'मध्यप्रदेश के वन्यजीव विषय पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने भाग लेकर वन्यजीवों, पक्षियों, वनस्पतियों एवं प्रकृति से संबंधित विषयों को अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रस्तुत किया। मेहंदी प्रतियोगिता में कुल 55 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

विद्यालीयन एवं महाविद्यालीयन विद्यार्थियों हेतु मध्यप्रदेश के वन्यजीव' विषय पर पाम पेंटिंग प्रतियोगिता

वन्यजीव संरक्षण के प्रति युवाओं एवं विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए 'मध्यप्रदेश के वन्यजीव विषय पर पाम पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने पेंटिंग के माध्यम से मध्यप्रदेश के वन्यजीवों, उनके आवास एवं प्रकृति संरक्षण से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। इस प्रतियोगिता में कुल 82 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

वन्यजीव पासपोर्ट' गतिविधि

राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह 2026 के चौथे दिवत्त 'वन्यजीव पासपोर्ट' गतिविधि को आगंतुकों से उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ। इस गतिविधि का प्रमुख उद्देश्य वन विहार आने वाले आगंतुकों को वन्यजीव संरक्षण की विभिन्न अवधारणाओं से परिचित कराना और उन्हें संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय सहभागी बनाना रहा। कुल 303 आगंतुकों ने वन्यजीव पासपोर्ट गतिविधि के लिए पंजीयन कराया। गतिविधि में निर्धारित सहभागिता पूरी करने वाले प्रतिभागियों में से 45 को 'वन्यजीव संरक्षण राजदूत' तथा 51 को 'वन्यजीव चैंपियन के रूप में मान्यता प्रदान की गई।

आयोजन में संचालक वन विहार राष्ट्रीय उद्यान विजय कुमार सहायक संचालक वन विहार डॉ. रूही हक एवं वन विहार के अन्य अधिकारी / कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर