भोपाल में आज मिलाद-उन-नबी पर निकलेंगे दो भव्य जुलूस, यातायात व्यवस्था में बदलाव
भोपाल, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बुधवार को मिलाद-उन-नबी का पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राजधानी भोपाल में दो अलग-अलग स्थानों से चल समारोह (जुलूस) निकाले जाएंगे। इसे देखते हुए नगरीय यातायात पुलिस ने पुराने और नए शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की है।
यातायात पुलिस के अनुसार, मंगलवारा क्षेत्र के चल समारोह के लिए दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक और अशोका गार्डन क्षेत्र के लिए दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक जरूरत के अनुसार यातायात बदला जाएगा। वहीं, मंगलवारा क्षेत्र का चल समारोह दोपहर 2 बजे छावनी स्थित भारत टॉकीज से शुरू होगा। यह सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा, इस्लामपुरा, बड़े मास्टर तिराहा, बुधवारा, इब्राहिमपुरा, मोती मस्जिद और पीरगेट होते हुए इमामी गेट चौराहे पर समाप्त होगा।
जुलूस के दौरान भारत टॉकीज से सेंट्रल लाइब्रेरी-इतवारा और छावनी रोड-मंगलवारा थाना की ओर जाने वाले मार्ग, काली मंदिर तलैया से बुधवारा-कोतवाली-इब्राहिमपुरा की ओर जाने वाला रास्ता और मोती मस्जिद से बुधवारा की ओर जाने वाला मार्ग जरूरत के अनुसार डायवर्ट रहेगा।
जुलूस मोती मस्जिद और पीरगेट पहुंचने पर संबंधित मार्गों पर भी यातायात परिवर्तित किया जाएगा। मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के साथ अनुमति प्राप्त वाहन और सिटी बसों का जुलूस मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इन रास्तों से निकल सकेंगे वाहन
- रॉयल मार्केट से तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज और हमीदिया रोड होते हुए वाहन चल सकेंगे। इसके अलावा मोती मस्जिद, रेतघाट, कमला पार्क और पॉलीटेक्निक चौराहा होकर भी आवागमन किया जा सकेगा।
- नादरा बस स्टैंड से अल्पना तिराहा, संगम तिराहा, सब्जी मंडी, ओवरब्रिज, बजरिया तिराहा और 80 फीट रोड होकर नए शहर की ओर जाने वाले वाहन निकल सकेंगे।
- नए शहर, न्यू मार्केट और मैदा मिल की ओर से आने वाले वाहन कमला पार्क, रेतघाट, सदर मंजिल, रॉयल मार्केट, तीन मोहरा, शाहजहांनाबाद थाना तिराहा और हमीदिया रोड होते हुए पुराने शहर और मुख्य रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे।
- तलैया थाना-काली मंदिर की ओर से बुधवारा और भारत टॉकीज जाने वाले वाहन लिली टॉकीज चौराहा, जिंसी चौराहा और पुलिस कंट्रोल रूम की ओर से जा सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर