भोपाल में जनवरी से अब तक मलेरिया के चार, डेंगू के 44 और चिकुनगुनिया के मिले 9 मरीज
- जिले में अब तक दो लाख 24 हजार 434 घरों का किया गया सर्वे
भोपाल, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया लगातार पैर पसार रहा है। यहां जनवरी से अब तक मलेरिया के चार, डेंगू के 44 और चिकुनगुनिया के 9 मरीज मिल हैं।
जनसम्पर्क अधिकारी अरुण शर्मा ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि डेंगू-चिकुनगुनिया की रोकथाम के लिए मलेरिया कार्यालय द्वारा जनवरी से अब तक दो लाख 24 हजार 434 घरों का सर्वे किया गया। जिसमें 5269 घरों मे लार्वा पाया। इस दौरान 16 लाख 47 हजार 992 कंटेनरों में लार्वा की जांच की गई, जिसमें 5776 कंटेनरों में लार्वा पाया गया। 2181 कंटेनर खाली कराए गए एवं 3595 कंटेनरों में लार्वी साइट दवा डाली गई।
उन्होंने बताया कि जनवरी से अब तक 1 लाख 21 हजार 39 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें 4 पाजिटिव पाए गए, जबकि 2 हजार 7 सौ 30 संभावित डेंगू मरीजों की जांच में 44 पाजिटिव पाए गए। इसी तरह 615 संभावित चिकुनगुनिया मरीजों की जांच में 9 पॉजिटिव पाए गए।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोन के सभी वार्डो मे मलेरिया टीम द्वारा लार्वा सर्वे कार्य किया गया है, साथ ही मलेरिया टीम द्वारा विभिन्न वार्डों की संजीवनी क्लीनिक, आंगनवाडियों एवं स्कूलों मे जाकर प्रचार-प्रसार गतिविधियां की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को 35 जनजातीय छात्रावासों में छात्रों मे मध्य जागरूकता अभियान चलाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर