भोपालः कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों की होगी जांच, गठित संयुक्त जांच ने शुरू किया निरीक्षण
भोपाल, 24 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कोचिंग संस्थानों पर फायर विभाग ने जांच शुरू कर दी है। हाल ही में देश के अलग-अलग शहरों में हुई घटनाओं के बाद फायर विभाग ने बुधवार को शहर में व्यापक निरीक्षण अभियान शुरू किया है।
दरअसल, भोपाल कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रियंक मिश्रा ने शहर में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत अग्नि सुरक्षा, भवनों की संरचनात्मक स्थिरता, विद्युत सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन निकासी व्यवस्थाओं की सघन जांच के लिए अपर कलेक्टर द्वारा एम.पी. नगर क्षेत्र स्थित कोचिंग संस्थानों के निरीक्षण एवं सुरक्षा मानकों के परीक्षण के लिए एक संयुक्त जांच दल का गठन किया गया है। अनुविभागीय दण्डाधिकारी (नजूल) एम.पी. नगर के नेतृत्व में गठित इस दल में नगर निगम भोपाल के अग्निशमन अधिकारी, विद्युत सुरक्षा विभाग के अधिकारी तथा सहायक पुलिस आयुक्त, क्षेत्रीय भोपाल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
बुधवार को संयुक्त दल ने कोचिंग संस्थानों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक कई संस्थानों में वेंटिलेशन की कमी, इमरजेंसी एग्जिट की अपर्याप्त व्यवस्था और जरूरी दस्तावेजों का अभाव पाया गया। कुछ जगहों पर बाहर लगे बड़े होर्डिंग्स भी वेंटिलेशन में बाधा बन रहे हैं, जिससे आपात स्थिति में खतरा बढ़ सकता है।
फायर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए “फिजिक्स वाला” नामक कोचिंग क्लास को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार इस संस्थान में फायर सेफ्टी से जुड़ी कमियां और आवश्यक दस्तावेजों का अभाव पाया गया। विभाग ने संकेत दिए हैं कि अन्य संस्थानों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जा सकती है।
निरीक्षण में यह सामने आया कि कई कोचिंग सेंटर्स में फायर सिस्टम लगा हुआ और चालू स्थिति में है। हालांकि इसके बावजूद वेंटिलेशन और सुरक्षित निकासी मार्गों की कमी को गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। फायर विभाग का कहना है कि केवल उपकरण लगाना पर्याप्त नहीं, बल्कि सभी सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है।
फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया कि निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले कोचिंग सेंटर्स के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर