भोपालः रोड सेफ्टी कमेटी के अध्यक्ष ने दिए वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के निर्देश

 


भोपाल, 31 अगस्त (हि.स.)। उच्चतम न्यायालय की ऑन रोड सेफ्टी कमेटी के अध्यक्ष सेवानिवृत न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे ने अनफिट वाहनों को फिट घोषित करने की प्रक्रिया को पारदर्शी रखने के निर्देश दिए हैं।

जस्टिस सप्रे ने सोमवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बायपास स्थित ऑटोमेटिक फिटनेस सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों का फिटनेस किये जाने की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया। फिटनेस के दौरान वहां मौजूद एक वाहन की संपूर्ण फिटनेस प्रक्रिया कराई गई। फिटनेस टेक्नीशियन से जब पूछा गया कि क्या हुआ? तब टेक्नीशियन ने कहा कि यह वाहन पास हो गया है परंतु जब उक्त वाहन की सिस्टम पर रिपोर्ट देखी गई तो वह वाहन हेडलाइट और हॉर्न की कमी के कारण फेल दिखाया गया।

जस्टिस सप्रे ने आपत्ति ली और निर्देश दिए कि जब तक रिपोर्ट कंप्लीट नहीं हो जाती तब तक इस प्रकार का निर्णय नहीं आना चाहिए।बाद में उन्होंने संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन कर समझाईश दी और कहा कि किसी भी प्रकार का कोई कार्य ऐसा नहीं किया जाए जिससे अनफिट वाहनों को प्रक्रिया पूर्ण किए बिना फिट कर दिया जाये।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर