भोपाल क्राइम ब्रांच की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 6 तस्कर गिरफ्तार, 14.337 किलो गांजा और 3.400 किलो डोडाचूरा जब्त
भोपाल, 29 अगस्त (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भोपाल क्राइम ब्रांच ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से कुल 14.337 किलोग्राम गांजा और 3.400 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया है। जब्त मादक पदार्थ और अन्य सामग्री की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये से अधिक बताई गई है। कार्रवाई के दौरान दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
भोपाल पुलिस कमिश्नर कार्यालय द्वारा शनिवार को दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम को तस्करों की धरपकड़ के लिए लगाया गया था।
नारियलखेड़ा में दो युवक गांजे के साथ पकड़े
पहली कार्रवाई गौतम नगर थाना क्षेत्र की एलआईजी पुलिया, नारियलखेड़ा के पास की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो युवकों राहुल सिलावट (21) और राहुल अहिरवार (23) को पकड़ा। दोनों रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। तलाशी में राहुल सिलावट के कब्जे से 3.460 किलो और राहुल अहिरवार के कब्जे से 4.250 किलो गांजा बरामद हुआ। कुल 7.710 किलो गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.15 लाख रुपये बताई गई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भानपुर पुलिया के पास गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई पीपुल्स अस्पताल के पास भानपुर पुलिया क्षेत्र में की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सीताराम कुशवाह (33), निवासी अटल अय्यूब नगर, गौतम नगर को पकड़ा। उसके पास मौजूद थैले की तलाशी में 1 किलो 167 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मोबाइल और पूछताछ के आधार पर सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
बैरागढ़ में डोडाचूरा की खेप पकड़ी
तीसरी कार्रवाई बैरागढ़ क्षेत्र के सीटीओ रोड स्थित अमरेश कंस्ट्रक्शन के सामने की गई। पुलिस ने हरेन्द्र प्रकाश उर्फ संदीप (20), निवासी जोधपुर, राजस्थान को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद गुलाबी थैले और सफेद बोरी से 3 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। उसके कब्जे से एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी मिले। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक एक अन्य प्रकरण में रंजीत अहिरवार (25) और प्रदीप अहिरवार (24) को भी गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। दोनों विदिशा जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों के खिलाफ क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
क्राइम ब्रांच अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की सप्लाई के स्रोत, खरीदारों, स्थानीय नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरणों में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में अब तक 15 महिलाओं समेत 85 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का ‘नशे से दूरी’ अभियान लगातार जारी है।
पुलिस की अपील: पुलिस ने नागरिकों से मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7049100785, नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 और मानस हेल्पलाइन 1933 जारी किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे