भोपालः नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के दूसरा दिन 36 हज़ार 854 बहनों ने मंत्री सारंग को बांधी राखी

 


भोपाल, 01 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग को वार्ड क्रमांक 39, 40 एवं 75 में आयोजित विश्व के सबसे बड़े नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को 36 हज़ार 854 बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर मंत्री सारंग ने बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि मेरा यह सौभाग्य है कि हर वर्ष मुझे लाखों की संख्या में बहनें रक्षासूत्र बांधती है। बहनों का अपार स्नेह और आशीर्वाद मेरे जीवन की अक्षय पूँजी है। कार्यक्रम में आईं सभी बहनों से मंत्री सारंग ने राखी बंधवाई और उनका आशीर्वाद लिया।

नरेला में धूम-धाम से मनाया जाता है त्यौहार

नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को बहनों को संबोधित करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि नरेला विधानसभा में हर त्यौहार बड़े ही धूम-धाम और हर्ष-उल्लास के साथ मनाया जाता है। नरेला रक्षाबंधन महोत्सव नरेला परिवार का सबसे भव्य महोत्सव है। इस महोत्सव में प्रतिवर्ष लाखों बहनें मुझे रक्षासूत्र बांधकर अपना स्नेहिल आशीर्वाद प्रदान करती हैं।

बहनों के बीच पहुँचकर बंधवाई राखी

8 सितंबर तक चलने वाले रक्षाबंधन महोत्सव के दूसरे दिन भी बहनों ने कतारबद्ध होकर मंत्री सारंग को राखी बांधी। मंत्री सारंग ने बहनों के बीच पहुंचकर रक्षासूत्र बंधवाया। बुजुर्ग बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर मंत्री सारंग के सिर पर हाथ रखकर आशीष दिया।

पहले दिन 22 हज़ार 432 बहनों ने बांधे रक्षासूत्र

मंत्री सारंग को नरेला रक्षाबंधन महोत्सव-2026 के पहले दिन 22 हज़ार 432 बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर आशीर्वाद प्रदान किया। पिछले वर्ष लगभग 1 लाख 84 हजार 632 बहनों ने मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधा था।

नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

नरेला रक्षाबंधन महोत्सव स्थल पहुँचने पर स्थानीय नागरिकों ने मंत्री सारंग का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मंत्री सारंग को बग्गी से मुख्य कार्यक्रम स्थल तक ढोल-ताशो के साथ मंच तक ले जाया गया। इस अवसर पर जमकर आतिशबाजी भी की गई। मुख्य कार्यक्रम स्थल आगमन पर बहनों ने भी मंत्री सारंग पर पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

3 सितंबर को वार्ड 76 और 59 में होगा रक्षाबंधन महोत्सव

दिनांक 3 सितंबर 2026 को वार्ड क्रमांक 76 (दोप 12:00 बजे) एवं वार्ड क्रमांक 59 (शाम 04:00 बजे) में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां भी हजारों की संख्या में बहनें मंत्री विश्वास सारंग को रक्षासूत्र बांधकर आशीर्वाद प्रदान करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर