भोपालः नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के पांचवे दिन 24 हज़ार 604 बहनों ने मंत्री सारंग को बांधे रक्षासूत्र

 


- वार्ड क्र. 36, 37 एवं 70 में हुआ रक्षाबंधन का आयोजन

भोपाल, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग को रविवार को भोपाल के वार्ड क्रमांक 36, 37 एवं 70 में विश्व के सबसे बड़े नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के पांचवे दिन 24 हज़ार 604 बहनों ने राखी बांधकर स्नेह और आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम स्थल आगमन पर स्थानीय नागरिकों व कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री सारंग का भव्य स्वागत किया। मंत्री सारंग ने भी कार्यक्रम में पधारीं बहनों का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री सारंग ने बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि मैं बहुत सौभाग्यशाली हूं कि हर वर्ष मुझे लाखों की संख्या में बहनों का अपार स्नेह और आशीर्वाद मिलता आ रहा है। उन्होंने कहा कि लाखों बहनों का स्नेह और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मंत्री सारंग ने कार्यक्रम में आईं प्रत्येक बहन से राखी बंधवाई और आशीर्वाद लिया।

चौथे दिन 31 हज़ार 117 बहनों ने बांधे रक्षासूत्र

इससे पहले शनिवार को मंत्री सारंग को नरेला रक्षाबंधन महोत्सव-2026 के चौथे दिन 31 हज़ार 117 बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर आशीर्वाद प्रदान किया। पिछले वर्ष एक लाख 84 हजार 632 बहनों ने मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधा था। इस वर्ष भी बहनों के उत्साह और सहभागिता को देखते हुए पिछले वर्ष का रिकॉर्ड टूटने की संभावना है।

रहवासियों ने किया भव्य स्वागत

नरेला रक्षाबंधन महोत्सव स्थल पहुँचने पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री सारंग का भव्य स्वागत किया। यहां मंत्री सारंग को बग्गी से मुख्य कार्यक्रम स्थल तक डीजे और ढोल-ताशो के साथ मंच तक ले जाया गया। इस अवसर पर जमकर आतिशबाजी भी की गई। मुख्य कार्यक्रम स्थल आगमन पर मंत्री सारंग ने बहनों पर पुष्पवर्षा कर स्नेहिल स्वागत किया।

7 सितंबर को यहां होंगे कार्यक्रम

सोमवार, 07 सितंबर को वार्ड क्रमांक 41 (दोप. 2 बजे) एवं वार्ड क्रमांक 58 (शाम 4 बजे) में कार्यक्रम होंगे। यहां भी हजारों की संख्या में बहनें मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर