बेसमेंट में संचालित लाइब्रेरी सील, कई कोचिंग संस्थानों को फायर सेफ्टी नोटिस
भोपाल, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जिला प्रशासन ने गुरुवार को शहर के कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी एवं छात्रावासों में अग्नि सुरक्षा मानकों की सघन जांच अभियान चलाया। एमपी नगर जोन-2 क्षेत्र में राजस्व, पुलिस एवं नगर निगम की फायर सेफ्टी टीम द्वारा संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नीट मेंटर कोचिंग, औरस कोचिंग,आई.वी. लाइब्रेरी, संजीवनी गर्ल्स हॉस्टल, बैठक लाइब्रेरी तथा जैन्स गर्ल्स स्टे (हॉस्टल) सहित विभिन्न संस्थानों की जांच की गई। जांच में आई.वी. लाइब्रेरी के बेसमेंट में संचालित होने, फायर सेफ्टी सिस्टम के कार्यशील नहीं पाए जाने तथा आपातकालीन निकास एवं वेंटिलेशन की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर मौके पर ही थाना एम.पी. नगर पुलिस द्वारा परिसर को सील कर दिया गया।
संयुक्त दल ने दोनों गर्ल्स हॉस्टलों के किचन में साफ-सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। संजीवनी गर्ल्स हॉस्टल के किचन में गंदगी एवं फंगस लगी सब्जियां तथा खाद्य सामग्री पाए जाने पर नगर निगम को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम के फायर अधिकारी द्वारा नीट मेंटर कोचिंग,कौटिल्य एकेडमी, रचना दुबे गर्ल्स हॉस्टल एवं लाइब्रेरी, मिथेश राठी कोचिंग क्लासेस, स्टेप अप कोचिंग क्लासेस, दुरानी कोचिंग,औरस कोचिंग क्लासेस, अनएकेडमी कोचिंग क्लासेस, औरस एकेडमी प्रा.लि. तथा फिजिक्स वाला प्रा.लि. सहित विभिन्न संस्थानों को 7 दिवस के भीतर अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर