भोपाल में रोड रैश का हंगामा, तीन कारों ने कई वाहनों को मारी टक्कर, स्कूल स्टाफ से विवाद

 


भोपाल, 12 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के करोंद इलाके में बुधवार सुबह तेज रफ्तार कार में सवार युवक-युवतियों के कथित रोड रैश ने जमकर हंगामा मचा दिया। आरोप है कि एसयूवी, वर्ना और फ्रॉन्क्स कारों में सवार युवाओं ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मारी। इसकी चपेट में सागर पब्लिक स्कूल का स्टाफ भी आया। स्कूल स्टाफ ने कार सवारों पर महिला कर्मचारियों से अभद्रता और छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। विरोध करने पहुंचे पुरुष कर्मचारियों की गाड़ी को भी टक्कर मारने की बात सामने आई है।

हादसे के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। राहगीरों ने एक युवक और युवती को पकड़ लिया और उनकी सरेराह पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों की पहचान कर ली है। निशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा के मुताबिक, चारों आरोपी छात्र हैं और रायसेन रोड स्थित दो अलग-अलग कॉलेजों में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं।

घटना बुधवार सुबह करीब 7 बजे की है। बच्चों की छुट्टियां होने के कारण सागर पब्लिक स्कूल का स्टाफ बस और निजी वाहनों से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में तीन कारें आती दिखाई दीं। आरोप है कि कार सवार युवक-युवतियां नशे की हालत में थे और उन्होंने रास्ते में चल रहे वाहनों को टक्कर मारना शुरू कर दिया।

पहले बैटरी ऑटो समेत दो वाहनों को टक्कर लगी। इसके बाद स्कूल स्टाफ की गाड़ियां भी चपेट में आ गईं। महिला स्टाफ को लेकर जा रही गाड़ी के साथ कथित अभद्रता की गई। पीछे से आ रहे पुरुष कर्मचारियों ने जब बीच-बचाव किया तो उनकी गाड़ी को भी टक्कर मार दी गई। टक्कर के बाद वाहन असंतुलित होकर सड़क पर पलट गए। हादसे के बाद मौके पर जाम और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

वर्ना कार ने कई वाहनों को मारी टक्करपुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, एक तेज रफ्तार वर्ना कार ने पहले स्विफ्ट को टक्कर मारी। इसके बाद मारुति-800 और ई-रिक्शा भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। टक्कर के बाद वर्ना डिवाइडर से जा टकराई और रुक गई। दूसरी कार भी कुछ दूरी पर रुक गई। आरोप है कि एक वाहन से तीन युवक और एक युवती नीचे उतरे और स्कूल स्टाफ से फिर विवाद करने लगे। इसी दौरान एक युवती द्वारा दूसरी कार के कांच तोड़ने का भी आरोप है।

राहगीरों ने युवक-युवती को पकड़ा, वीडियाे सामने आयाविवाद बढ़ने पर राहगीरों ने एक युवक और युवती को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों की सरेराह पिटाई की गई। किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। वीडियो में सड़क पर लोगों की भीड़ और मारपीट होती दिखाई दे रही है। बाद में आरोपी दूसरी कारों में सवार होकर मौके से निकल गए। पुलिस अब घटनाक्रम में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

डायल-112 पर सूचना के बाद पुलिस पहुंचने में देरी का आरोपहादसे के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठे हैं। पीड़ित स्कूल स्टाफ का आरोप है कि उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी थी, लेकिन करीब एक घंटे तक निशातपुरा थाने से कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। उनका कहना है कि इस दौरान थाने का स्टाफ फोन पर लगातार घटनास्थल की लोकेशन पूछता रहा। पुलिस के पहुंचने से पहले ही राहगीरों ने युवक और युवती को पकड़कर उनके साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद करीब दर्जनभर लोग निशातपुरा थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए।

चारों आरोपी छात्र, एफआईआर की कार्रवाईनिशातपुरा थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि मामले में चारों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। सभी आरोपी छात्र हैं और रायसेन रोड स्थित दो अलग-अलग कॉलेजों में बीटेक की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हादसे में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

नशे में थे या नहीं, मेडिकल जांच से होगा स्पष्टकार सवारों के नशे में होने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी। पुलिस यह पता कर रही है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था, कारों की गति कितनी थी और किन वाहनों को किस कार ने टक्कर मारी। हादसे में घायल लोगों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के साथ-साथ अभद्रता, मारपीट और वाहन क्षतिग्रस्त करने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे