दतिया उपचुनाव के जनादेश को प्रदेश की जनभावना बताया, जीतू पटवारी ने सरकार से श्वेत-पत्र जारी करने की मांग

 


भोपाल, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर दतिया विधानसभा उपचुनाव के जनादेश को प्रदेश की जनभावना का संकेत बताते हुए राज्य के विभिन्न जनहित के मुद्दों पर क्रमवार श्वेत-पत्र जारी करने की मांग की है।

जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम केवल एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता की उन अपेक्षाओं को भी दर्शाता है, जिनमें विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। उनके अनुसार कांग्रेस जिन जनहित के विषयों को लगातार उठाती रही है, मतदाताओं ने जनादेश के माध्यम से उन मुद्दों पर अपनी राय व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि जनता अब विकास आधारित राजनीति और समस्याओं के समाधान पर अधिक जोर देती है। ऐसे में सरकार को दतिया उपचुनाव के परिणाम को केवल राजनीतिक जीत-हार के रूप में नहीं, बल्कि जनभावनाओं को समझने के अवसर के रूप में देखना चाहिए।

पटवारी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखने के लिए सरकार बिजली एवं पेयजल व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों एवं कृषि क्षेत्र की चुनौतियां, युवाओं के रोजगार, कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों तथा दलित एवं पिछड़ा वर्ग की स्थिति जैसे विषयों पर क्रमवार श्वेत-पत्र जारी करे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सभी विषयों पर अपने तथ्य, सुझाव और दृष्टिकोण सार्वजनिक रूप से रखने के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने सरकार से भी अपील की कि वह तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे। उनके अनुसार लोकतंत्र में स्वस्थ संवाद आरोप-प्रत्यारोप के बजाय तथ्यपरक चर्चा से मजबूत होता है।

पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि यदि सरकार श्वेत-पत्र जारी करने की पहल करती है, तो प्रदेश की राजनीति जवाबदेही और समाधान की दिशा में आगे बढ़ेगी, जिससे जनता का विश्वास भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और ठोस परिणाम चाहती है। अंत में उन्होंने सरकार से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे