भोपालः खेल संचालक ने राज्य शूटिंग अकादमी और अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का किया निरीक्षण

 


भोपाल, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल मे खेल एवं युवा कल्याण संचालक चंचल शेखर ने मंगलवार को राज्य शूटिंग अकादमी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अकादमी में राइफल एवं पिस्टल शूटिंग के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, शूटिंग रेंज, फिटनेस, खान-पान सहित खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

इसके साथ ही खेल संचालक शेखर नाथूबड़खेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी पहुंचे, जहां उन्होंने ग्राउंड का निरीक्षण किया और एथलेटिक्स खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनके प्रशिक्षण एवं आवश्यकताओं को लेकर चर्चा की।

राइफल एवं पिस्टल शूटिंग की प्रशिक्षण व्यवस्थाएं देखीं

खेल संचालक शेखर ने अकादमी में संचालित राइफल एवं पिस्टल शूटिंग की प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने 10 मीटर, 25 मीटर एवं 50 मीटर शूटिंग रेंज तथा फाइनल रेंज का अवलोकन किया और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं अभ्यास की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राइफल एवं पिस्टल के खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उनके प्रशिक्षण, आवश्यकताओं और अकादमी में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राइफल एवं पिस्टल के कोच एवं प्रशिक्षकों से भी खिलाड़ियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्रदर्शन और प्रशिक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

खिलाड़ियों से किया संवाद, जानी उनकी आवश्यकताएं

निरीक्षण के दौरान खेल संचालक चंचल शेखर ने अकादमी के राइफल एवं पिस्टल शूटिंग के खिलाड़ियों, कोच, प्रशिक्षकों एवं सपोर्ट स्टॉफ से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों से सहज संवाद करते हुए उनके प्रशिक्षण अनुभव, दिनचर्या और अकादमी में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ फिटनेस, तकनीकी मार्गदर्शन, रिकवरी और मानसिक मजबूती के लिए आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

जिम, मेस और भोजन व्यवस्था का भी लिया जायजा

शेखर ने अकादमी के जिम, मेस एवं भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, फिटनेस सुविधाओं तथा दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्टॉफ से व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा करते हुए खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

स्पोर्ट्स साइंस सेंटर का किया निरीक्षण

खेल संचालक ने अकादमी परिसर स्थित स्पोर्ट्स साइंस सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी, शारीरिक क्षमता एवं खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए उपलब्ध वैज्ञानिक सुविधाओं एवं उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञों एवं स्टॉफ से चर्चा कर खिलाड़ियों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

नाथूबड़खेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ग्राउंड का निरीक्षण

खेल संचालक चंचल शेखर नाथूबड़खेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी पहुंचे। उन्होंने कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एथलेटिक्स खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनसे प्रशिक्षण, अभ्यास एवं खेल संबंधी तैयारियों को लेकर बातचीत की। उन्होंने खिलाड़ियों की आवश्यकताओं और प्रशिक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

खिलाड़ी-केंद्रित व्यवस्थाओं पर दिया जोर

निरीक्षण के दौरान शेखर ने कहा कि खिलाड़ियों को अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के साथ बेहतर खान-पान, फिटनेस, स्पोर्ट्स साइंस एवं आवश्यक सपोर्ट सिस्टम उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों, कोच एवं स्टॉफ से खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को निरंतर बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है राज्य शूटिंग अकादमी

मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में राइफल एवं पिस्टल शूटिंग के खिलाड़ियों के लिए आधुनिक शूटिंग रेंज, फाइनल रेंज, जिम, स्पोर्ट्स साइंस सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

खेल संचालक चंचल शेखर ने निरीक्षण के दौरान अकादमी के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं स्टॉफ से मुलाकात कर उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल अकादमियों एवं खेल परिसरों में खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण और उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में विभाग निरंतर कार्य कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर