भोपाल में गुरु पूर्णिमा पर बुधवार को सम्मान समारोह एवं पावस गोष्ठी का आयोजन
- वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामेश्वर मिश्र 'पंकज' का होगा सम्मान, गुरु-शिष्य परम्परा पर देंगे व्याख्यान।
भोपाल, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार, 29 जुलाई को अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, भोपाल इकाई के तत्वावधान में विश्व संवाद केंद्र में सम्मान समारोह, व्याख्यान एवं पावस गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, भोपाल इकाई द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई कि कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय दर्शन, संस्कृति एवं साहित्य के प्रख्यात चिंतक तथा वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रामेश्वर मिश्र 'पंकज' का सम्मान किया जाएगा। इस अवसर पर वे गुरु-शिष्य परम्परा विषय पर व्याख्यान देंगे। अपने उद्बोधन में वे भारतीय ज्ञान-परम्परा में गुरु की भूमिका, गुरु-शिष्य संबंध की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा तथा वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डालेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, भोपाल इकाई की अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी की निदेशक डॉ. नुसरत मेहदी करेंगी। कार्यक्रम का बीज वक्तव्य परिषद् की महामंत्री सुनीता यादव द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में पावस गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें नगर के विभिन्न साहित्यकार एवं रचनाकार वर्षा ऋतु पर आधारित अपनी कविताओं, गीतों, ग़ज़लों एवं अन्य काव्य रचनाओं का पाठ करेंगे।
अखिल भारतीय साहित्य परिषद्, भोपाल इकाई ने साहित्यकारों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, संस्कृति-प्रेमियों एवं सभी नागरिकों से इस गरिमामय आयोजन में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर