भोपालः न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत भव्य मैराथन एवं वॉकथॉन का आयोजन

 


- पुरुष वर्ग में राम द्विवेदी और महिला वर्ग में मिताक्षी ने हासिल किया प्रथम स्थान

भोपाल, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल द्वारा न्यायोत्सव – विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत रविवार को जिला न्यायालय परिसर में भव्य मैराथन एवं वॉकथॉन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर किया। आयोजन में लगभग 500 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैराथन एवं वॉकथॉन जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर वल्लभ भवन तक पहुंची तथा वहां से वापस लौटकर पुनः जिला न्यायालय परिसर में संपन्न हुई।

इस आयोजन का उद्देश्य आमजन को विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकारों तथा विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। यह आयोजन 14 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे न्यायोत्सव – विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव हिमांशु कौशल के प्रभावी निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों, बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पैरालीगल वॉलंटियर्स एवं विधि के विद्यार्थियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव हिमांशु कौशल, विशेष न्यायाधीश राजश्री श्रीवास्तव, विशेष न्यायाधीश कुमुदनी पटेल, जिला न्यायाधीश संजय साही, विधान माहेश्वरी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अग्निन्द्र द्विवेदी एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनीत अग्रवाल सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिला विधिक सहायता अधिकारी एम. जीलानी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र रावत, सचिव मुकेश नागपुरे, बार एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी, अधिवक्तागण एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

मैराथन एवं वॉकथॉन प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में राम द्विवेदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में मिताक्षी प्रथम रहीं। दोनों विजेताओं को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव ने शील्ड प्रदान कर सम्मानित एवं पुरस्कृत किया। आयोजन के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक विधिक जागरूकता का संदेश पहुंचाने, नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने तथा निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के बारे में जानकारी देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों ने विधिक जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर