भोपालः नरेला रक्षाबंधन का भव्य शुभारंभ सोमवार को, मंत्री सारंग को लाखों बहनें बांधेंगी रक्षासूत्र

 




भोपाल, 30 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में भोपाल के नरेला विधानसभा में विगत 18 वर्षों से लगातार विश्व का सबसे बड़ा नरेला रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष यह आयोजन सोमवार, 31 अगस्त को नरेला विधानसभा के वार्ड क्रमांक 44 में सुबह 11:00 बजे से भव्य शुभारंभ होने जा रहा है।

पहले दिन का आयोजन नरेला विधानसभा के वार्ड क्रमांक 44, वार्ड क्रमांक 78 (दोप 02:00 बजे) एवं वार्ड क्रमांक 69 (शाम 04:00 बजे) में होगा। इसी क्रम में मंत्री सारंग ने रविवार शाम को नरेला विधानसभा में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नरेला विधानसभा में रक्षाबंधन का त्यौहार बड़े ही हर्षोउल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी नरेला रक्षाबंधन महोत्सव के लिये लाखों बहनों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। कार्यक्रम की सम्पूर्ण तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

गौरतलब है कि प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में नरेला विधानसभा व भोपाल के अन्य क्षेत्रों की महिलाएं मंत्री सारंग के रक्षाबंधन महोत्सव में भाग लेकर उन्हें रक्षासूत्र बांधती हैं। इस बार भी नरेला विधानसभा के समस्त 17 वार्डों में भव्य आयोजन किये जा रहे हैं।

बहनों के लिये होंगी यह सुविधाएं

मंत्री सारंग ने बताया कि महोत्सव के दौरान वातावरण ऐसा निर्मित किया जायेगा कि बहनों को अपने मायके का अहसास हो। इसके लिये रक्षाबंधन महोत्सव के दौरान बहनों के मनोरंजन के लिये सावन के गीतों का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि बहनों व भांजे-भांजियों के लिए झूले भी लगेगें। वहीं बहनों को मेंहदी लगाने और चूड़ियां पहनाने के लिए स्टॉल भी लगाये जायेंगे।

हर वर्ष रिकॉर्ड संख्या में बहनें बांधती है रक्षासूत्र

पिछले वर्ष आयोजित हुए रक्षाबंधन महोत्सव में रिकॉर्ड 1 लाख 84 हजार 632 बहनों ने मंत्री सारंग को रक्षासूत्र बांधे थे। हर वर्ष यह संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं इस वर्ष भी लाखों की संख्या में महिलाओं के रक्षाबंधन महोत्सव में सम्मिलित होने की संभावना जताई जा रही है। विगत 18 वर्षों से यह महोत्सव नरेला विधानसभा में आयोजित किया जा रहा है। जो विश्व रिकॉर्ड में भी दर्ज हो चुका है।

रक्षाबंधन महोत्सव कार्यक्रम का सम्पूर्ण विवरण

मंत्री सारंग ने बताया कि दिनांक 31 अगस्त 2026 को वार्ड क्रमांक 44 (प्रात: 11:00 बजे), वार्ड क्रमांक 78 (दोप 02:00 बजे) एवं वार्ड क्रमांक 69 (शाम 04:00 बजे) में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिनांक 1 सितंबर 2026 को वार्ड क्रमांक 39 व 40 (दोप 02:00 बजे) एवं वार्ड क्रमांक 75 (शाम 04:00 बजे) में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिनांक 3 सितंबर 2026 को वार्ड क्रमांक 76 (दोप 12:00 बजे) एवं वार्ड क्रमांक 59 (शाम 04:00 बजे) में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिनांक 5 सितंबर 2026 को वार्ड क्रमांक 71 (दोप 02:00 बजे) एवं वार्ड क्रमांक 79 (शाम 04:00 बजे) में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिनांक 6 सितंबर 2026 को वार्ड क्रमांक 36 (प्रात: 11:00 बजे), वार्ड क्रमांक 70 (दोप 01:00 बजे) एवं वार्ड क्रमांक 37 (शाम 04:00 बजे) में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिनांक 7 सितंबर 2026 को वार्ड क्रमांक 41 (दोप 02:00 बजे) एवं वार्ड क्रमांक 58 (शाम 04:00 बजे) में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आखिरी दिन दिनांक 8 सितंबर 2026 को वार्ड क्रमांक 77 (प्रात: 11:00 बजे) एवं वार्ड क्रमांक 38 (दोप 02:00 बजे) में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर