भोपालः संभागायुक्त ने की स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा

 


भोपाल, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने बुधवार को स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने संभाग के सभी जिलों में शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विद्यालयों के सुचारू संचालन के लिए निगरानी के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संभाग के सभी जिलों में नये शैक्षणिक सत्र में प्रथम कक्षा में बच्चों का शत् - प्रतिशत् नामांकन 15 जुलाई तक सुनिश्चित करने एवं प्रतिदिन मॉनीटरिंग कर नामांकन के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास करने एवं एक सप्ताह के भीतर शत - प्रतिशत बच्चों को स्कूल से जोड़ने के साथ पोर्टल पर मैपिंग करने के भी निर्देश दिए गए।

संभागायुक्त शर्मा ने सभी जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि एज्यूकेशन पोर्टल 3.0 पर छात्रों की मैपिंग के लिए शासकीय एवं सभी अशासकीय विद्यालयों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाए। साथ ही उन्होंने संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग भोपाल धर्मेन्द्र शर्मा को प्रतिदिन की प्रोग्रेस रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त शर्मा ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित अंकुर मिशन कक्षा 01 से 03 तक के बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को मजबूत करने के लिए वर्ष 2026-27 के लक्ष्य के अनुरूप सभी शासकीय विद्यालयों में अभी से लक्ष्य बनाकर तैयारी सुनिश्चित करें। ताकि इस वर्ष भोपाल संभाग के सभी जिलें उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके। एवं उल्हास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम अंतर्गत सभी जिलों में वर्ष 2011 की जनसंख्या के अनुसार 15 वर्ष से अधिक आयु के सभी वयस्कों का बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान परंगत करने के लिए चिन्हांकन सुनिश्चित करें। इसके लिए वार्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक अभियान चलाकर उल्हास मोबाइल एप पर पंजीयन सुनिश्चित करें।

संभागायुक्त शर्मा ने जिलों में विमर्श पोर्टल के माध्यम से पुस्तक एवं साईकिल का शत् प्रतिशत् वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर