भोपालः सीएमएचओ ने किया चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण
- दीपावली के लिए बनाए बर्न वार्ड की व्यवस्थाएं देखीं
भोपाल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनीष शर्मा ने सोमवार को आने वाले त्योहारों और मौसम में परिवर्तन को देखते हुए अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्थाओं के लिए जयप्रकाश जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में आईसीयू,अस्थि रोग, आकस्मिक चिकित्सा इकाई, जनरल ओपीडी, मेडिसिन,शिशु रोग विभाग, श्वसन रोग विभाग की सेवाओं को देखकर सिविल सर्जन को समुचित निर्देश दिए गए।
डॉ. शर्मा ने जयप्रकाश जिला चिकित्सालय में बनाए हुए बर्न वार्ड का मुआयना किया। दीपावली को देखते हुए अस्पताल में 5 बिस्तरों का वार्ड बनाया गया है। जो कि विशेष रूप से पटाखों से जलने की दुर्घटनाओं के इलाज के लिए बनाया गया है।
सीएमएचओ ने निरीक्षण के दौरान सांस से जुड़ी बीमारियों एवं समस्याओं के लिए ऑक्सीजन सिस्टम, नेबुलाइजर, वेंटिलेटर की क्रियाशीलता एवं दवाइयों की उपलब्धता की जांच की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि शीतकाल एवं अत्यधिक आतिशबाजी से प्रदूषण बढ़ने की संभावना रहती है, इसको देखते हुए अस्पतालों में सभी आवश्यक तैयारियां को सुनिश्चित किए जाने के संबंध में कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर