भोपालः एम्स के सामने निर्माणाधीन बिल्डिंग का छज्जा गिरा, मलबे में दबने से आठ लोग घायल

 


भोपाल, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एम्स अस्पताल के सामने शुक्रवार दोपहर में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग का छज्जा गिर गया। हादसे में नीचे खड़े आठ लोग मलबे में दबने से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, भोपाल में एम्स के सामने सडाना मेडिकल स्टोर की चार मंजिला इमारत बन रही है। नीचे मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा था। एम्स में आए मरीज और उनके परिजन दवाई लेने के लिए यहां पहुंचे थे, इस दाैरान निर्माणाधीन बिल्डिंग का छज्जा गिर गया। इस हादसे में आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। हालांकि, उनमें से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि पांच मरीज अभी भी भर्ती हैं। इनमें 23 साल की नंदिनी नामक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें एम्स भोपाल के ट्रॉमा ब्लॉक के रेड ट्रायज में भर्ती किया गया है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिल्डिंग का कुछ हिस्सा अवैध है और नगर निगम को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। करीब 35 साल पुराना भवन है। यहां मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा है। इसके ठीक ऊपर तीन मंजिल का और निर्माण चल रहा है। जो सेटिंग, छज्जा गिरा है,वो काफी बाहर निकला हुआ था। यह शेड के ऊपर गिरा है। इससे शेड भी ढह गया।

हादसे के बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबा हटाने के लिए टीमों को लगाया गया और आसपास की दुकानों को एहतियातन खाली कराया गया। हादसे के बाद नगर निगम भी एक्शन मोड में आ गया है। बिल्डिंग निर्माण के लिए रेत, सरिया सहित अन्य सामग्री सड़क पर रखी गई थी, जिसे नगर निगम की टीम जब्त कर ली है। फिलहाल जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

हादसे में करेली निवासी नंदिनी (23) को गंभीर चोट आई है। लोहे का एंगल उनके पैर में घुस गया था। सिर और हाथ में भी गहरे घाव हैं। उनका सीटी स्कैन कराया जा रहा है। वे ओपीडी में दिखाने के बाद दवा लेने मेडिकल स्टोर पहुंची थीं। इसके अलावा अमरई निवासी मनोज कुमार (56), करेली निवासी तनुश्री (19), ग्वालियर निवासी अभय और उमरिया निवासी सोमप्रकाश सिंह (61) भी हादसे में घायल हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर