भोपालः मैनिट के 23वें दीक्षांत समारोह में 1,745 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, 52 पदक से सम्मानित

 




भोपाल, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) में रविवार को 23वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इसमें अलग-अलग पाठ्यक्रमों के 1,745 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं।

शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर 52 विद्यार्थियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। इनमें 39 स्वर्ण और 13 रजत पदक शामिल हैं। कार्यक्रम में आईआईटी जोधपुर के निदेशक प्रो. अविनाश कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह में इम्पैक्ट ग्रुप, न्यू ऑरलियन्स के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संदीप बजटिया और तेलंगाना सरकार के मुख्य सचिव संजय जाजू विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। सम्मानित किए गए 52 पदकों में पांच प्रायोजित पदक भी शामिल हैं।

गोल्ड मेडलिस्ट ने बताए सफलता के सूत्र

एमटेक अजाइल सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के 2026 बैच के गोल्ड मेडलिस्ट दुष्यंत मंगानी ने विद्यार्थियों से पढ़ाई, शोध और प्लेसमेंट की तैयारी के बीच संतुलन बनाए रखने की बात कही। उनका कहना था कि पढ़ाई को लेकर अनावश्यक दबाव लेने के बजाय नियमित अध्ययन और विषयों की बेहतर समझ पर ध्यान देना चाहिए। कक्षा में पढ़ाए गए विषयों का लगातार अभ्यास करने से परीक्षा के समय तनाव कम रहता है।

उन्होंने कहा कि शोध कार्य और प्लेसमेंट की तैयारी को भी समान महत्व देना चाहिए। केवल अच्छे ग्रेड हासिल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विषयों का व्यावहारिक ज्ञान और लगातार प्रयास भी सफलता के लिए जरूरी हैं।

बीटेक में सबसे ज्यादा विद्यार्थियों को मिली उपाधि

इस बार उपाधि हासिल करने वालों में बीटेक के विद्यार्थियों की संख्या सबसे अधिक रही। इस पाठ्यक्रम के 966 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं। इसके अलावा बीआर्क के 97, बीप्लान के 41 और बीटेक-एमटेक की दोहरी उपाधि वाले पांच विद्यार्थी भी शामिल रहे।

स्नातकोत्तर और शोध पाठ्यक्रमों में पीएचडी के 81, एमटेक के 329, एमप्लान के 25, एमसीए के 110, एमबीए के 53 और एमएससी के 35 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। वहीं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने वाले तीन विद्यार्थी भी इस बार दीक्षांत समारोह का हिस्सा रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर