मप्र के भिण्ड जिले में गणेश विसर्जन करने गए तीन युवक क्वारी नदी में डूबे: रेस्क्यू जारी
भिण्ड, 25 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में उमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कनावर गांव में शुक्रवार शाम को गणेश विसर्जन के दौरान क्वारी नदी में तीन युवक डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। फिलहाल युवकों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, कनावर गांव में गणेश उत्सव चल रहा था। शुक्रवार को हवन-पूजन के बाद ग्रामीण गणेश प्रतिमा लेकर क्वारी नदी पहुंचे थे। इसी दौरान युवाओं की टोली भी प्रतिमा लेकर नदी पर पहुंची। विसर्जन के दौरान तीनों युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए और पानी में डूब गए। हादसा शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच हुआ। तीनों की उम्र 16 से 17 साल के बीच बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने युवकों को डूबते देखा तो शोर मचाया। इसके बाद तैरना जानने वाले ग्रामीण नदी में उतरे और उन्हें तलाशने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों के मुताबिक, जिस जगह युवक पानी में उतरे थे, वहां पानी गहरा था। हादसे के समय नदी किनारे पुलिस जवान या गोताखोर तैनात नहीं थे। तेज बहाव के कारण ग्रामीणों को भी नदी में उतरकर तलाश करने में परेशानी हुई।
पुलिस के अनुसार, डूबने वालों की पहचान कृष्णा भदौरिया, अभिजीत भदौरिया और मदन भदौरिया के रूप में हुई है। तीनों कनावर गांव के रहने वाले हैं। घटना की सूचना मिलते ही उमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य की जानकारी ली। नदी का बहाव तेज होने के कारण युवकों की तलाश में परेशानी आ रही है। पुलिस ने युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम को बुलाया है। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर