मप्रः भिण्ड में बेकाबू बस ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवकों की मौत, एक घायल

 


भिण्ड, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में उमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भिंड़-लहार मार्ग पर शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार बस ने सामने जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार चार युवकों में तीन की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, एक ही बाइक पर सवार चार युवक शनिवार को कहीं जा रहे थे। वे राष्ट्रीय राजमार्ग 552 पर किशोर सिंह का पुरा गांव के नजदीक पहुंचे ही थे कि दोपहर करीब दोपहर 1:30 बजे पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 112 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को रौन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो घायलों को जिला अस्पताल भिंड रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान एक और युवक की मौत हो गई। चौथा युवक अभी भी गंभीर हालत में है, जिसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।

उमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। तीन युवकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक का इलाज जारी है। मामले की जांच की जा रही है। अभी मृतक और घायल युवकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर तक बस का पीछा कर उसे पकड़ लिया, लेकिन चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर