बैतूलः अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष डॉ. जाटव ने किया शासकीय छात्रावास का निरीक्षण

 


- छात्रों से आत्मीय संवाद कर भोजन, स्वास्थ्य, छात्रवृत्ति एवं आवासीय व्यवस्थाओं की ली जानकारी

बैतूल, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने मंगलवार को बैतूल प्रवास के दौरान जिला पंचायत परिसर स्थित शासकीय सीनियर अनुसूचित जाति छात्रावास का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास के रसोई कक्ष का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता परखी तथा विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई, स्वास्थ्य और छात्रावास में मिल रही सुविधाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डॉ. जाटव ने छात्रावास अधीक्षकों से आवक-जावक रजिस्टर, अभिभावक पंजी एवं छात्रावास संवाद से संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली। उन्होंने अभिभावक रजिस्टर में दर्ज मोबाइल नंबर पर अभिभावकों से सीधे फोन पर चर्चा कर छात्रावास की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। उन्होंने अभिभावकों से पूछा कि वे पिछली बार कब छात्रावास आए थे तथा बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी या शिकायत तो नहीं है। इस दौरान अभिभावक श्री अजय पगारे ने छात्रावास की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संतुष्टि व्यक्त की।

डॉ. जाटव ने विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति मिलने की जानकारी ली। सभी विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति प्राप्त होने की पुष्टि की। उन्होंने ठंड से बचाव के लिए उपलब्ध कंबल, पलंग एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने व्यवस्थाओं पर पर्याप्त संतोष व्यक्त किया। उन्होंने छात्रावास में आयोजित चिकित्सा शिविर, विद्यार्थियों के ब्लड टेस्ट तथा स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में भी जानकारी ली। इसके साथ ही पेयजल की गुणवत्ता परखने के लिए पानी की टंकी का निरीक्षण किया तथा पानी का सैंपल भी कलेक्ट करवाया। उन्होंने छात्रावास में सैनिटरी पैड, वाटर आरओ एवं गीजर की व्यवस्था नहीं होने पर असंतोष व्यक्त किया और प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।

लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करें विद्यार्थी, शासन करेगा हरसंभव सहयोग

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान डॉ. जाटव ने उनके भविष्य के लक्ष्यों एवं उनकी तैयारियों की योजना के बारे में पूछा। उन्होंने मध्यप्रदेश शासन की योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर पूरी एकाग्रता के साथ ध्यान देना चाहिए , ताकि वे अपने माता-पिता और परिवार को गौरवान्वित कर सकें। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि आप केवल अपने लक्ष्य पर फोकस करें, बाकी सभी चिंताओं की जिम्मेदारी शासन की है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपना मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे संपर्क करने के लिए कहा।

उन्होंने विद्यार्थियों से सुबह-शाम के नाश्ते एवं भोजन के समय, दैनिक दिनचर्या तथा विशेष भोजन की व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की। साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित सभी महापुरुषों की जीवनियों का अध्ययन करने और उनके प्रेरक विचारों एवं छायाचित्रों को छात्रावास के कक्षों में प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय पर्वों एवं महत्वपूर्ण अवसरों पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन करने को कहा। विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण के लिए टूर प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए।

लाइब्रेरी को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का केंद्र बनाने पर जोर

डॉ. जाटव ने जनसहभागिता से छात्रावास की लाइब्रेरी का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने तथा उसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी में रोचक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाए, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने छात्रावास में गेस्ट रूम निर्माण कराने तथा वहां अच्छी बैठक व्यवस्था एवं चाय-पानी की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के अंत में डॉ. जाटव ने विद्यार्थियों से मिलकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाया।

इस दौरान अपर कलेक्टर गोपाल सिंह वर्मा, एसडीएम डॉ अभिजीत सिंह, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, सीएमओ नवनीत पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर