बैतूल जिले के ग्राम रिंग ढाना में लगी भीषण आग, 8 मकान जलकर खाक
बैतूल, 12 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में भैंसदेही तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत रंभा अंतर्गत रिंग ढाना गांव में शुक्रवार की रात भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 25 मकानों वाले इस गांव में 8 मकान जलकर खाक हो गए हैं। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली, जिससे लगभग 15 मकानों तक नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, आग रात करीब 8:15 बजे लगी। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। घटना के समय तेज हवा चल रही थी, जिसने आग को विकराल रूप लेने में मदद की। कई घरों में रखा अनाज और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन संसाधनों के अभाव में आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
सूचना मिलने पर नगर परिषद भैंसदेही से फायर ब्रिगेड रवाना की गई। हालांकि, रिंग ढाना घटनास्थल से लगभग 35 किलोमीटर दूर है, जिसके कारण रात 9 बजे तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका था। इस दौरान आग लगातार फैलती रही। बिजली गुल होने से पानी भरने की समस्या होने के कारण फायर ब्रिगेड में पानी भरना संभव नहीं हो पाया।
एसडीएम अजीत मरावी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर 8 मकानों के जलने की सूचना मिली है। राजस्व विभाग का अमला, तहसीलदार और अन्य अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना कर दिए गए हैं। अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन स्पष्ट हो पाएगा। हादसे में फिलहाल कोई जनहानि की सूचना नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर