बैतूलः डायल-112 के जवानों ने कुएँ में गिरे व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर समय पर पहुंचाया अस्पताल

 


भोपाल, 08 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के थाना मुलताई क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्पर एवं साहसिक कार्रवाई से कुएँ में गिरे 32 वर्षीय व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर समय पर अस्पताल पहुँचाया गया। इस त्वरित एवं मानवीय प्रयास से पीड़ित व्यक्ति को समय रहते चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जानकारी दी गई कि बुधवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना मुलताई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंगापुर में एक 32 वर्षीय व्यक्ति कुएँ में गिर गया है एवं तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही मुलताई थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुँचकर डायल-112 स्टाफ शिवराम परते एवं पायलट रमेश भावसार ने पाया कि एक 32 वर्षीय व्यक्ति कुएँ में गिर गया है। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए डायल-112 जवानों ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से पीड़ित व्यक्ति को सुरक्षित कुएँ से बाहर निकाला और बिना समय गंवाए एफआरव्ही वाहन के माध्यम से उपचार हेतु परिजन के साथ पट्टन अस्पताल पहुँचाया। डायल-112 जवानों की साहसिक एवं संवेदनशील कार्यवाही से एक गंभीर स्थिति में फँसे व्यक्ति को सुरक्षित बचाया जा सका।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर