बैतूलः मुख्यमंत्री डॉ. यादव के 31 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा

 


- तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम की तैयारियों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

बैतूल, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 31 अक्टूबर को जिले में प्रस्तावित तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस वितरण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कार्यक्रम स्थल के चयन, हितग्राहियों के आगमन एवं बैठक व्यवस्था, मंच निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी सहित अन्य कार्यक्रमों के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किए जाने के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की समय-सीमा में तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने तथा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं का समय रहते परीक्षण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, डीएफओ नवीन गर्ग, डीएफओ अरिहंत कोचर, अपर कलेक्टर गोपाल सिंह वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर